
जोधपुर। जोधपुर-फलोदी स्टेट हाईवे-61 पर बुधवार शाम एक निजी यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना लोहावट क्षेत्र के जंभेश्वर नगर के पास हुई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस फलोदी से जोधपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस सीएनजी से संचालित थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची टीम ने यातायात को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
खबर अपडेट की जा रही है।