- लम्बे अर्से से फरार दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा
जोधपुर.
पुलिस महानिरीक्षक रेंज जोधपुर विकास कुमार की विशेष टीमों ने अलग-अलग जगह पर दबिश देकर लम्बे अर्से से फरार एक इनामी बदमाश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपियों को बाड़मेर की गुड़ामालानी थाना पुलिस और एक आरोपी को सिरोही के बरलूट थाना पुलिस को सौंपा गया है।
आइजी रेंज विकास कुमार ने बताया कि साइक्लोनर व स्ट्रांग टीम ने विशेष ऑपरेशन के तहत दो जगहों पर दबिश दी। फलोदी के सांवरीज गांव निवासी उदाराम पुत्र गणपतराम जाट, बाड़मेर के धोरीमन्ना थानान्तर्गत रोहिला व सांचौर जिले के चितलवाना थानान्तर्गतकेरिया गांव निवासी दिनेश कुमार पुत्र मोडाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में साइक्लोनर टीम के एसआइ कन्हैयालाल व प्रमीत चौहान, कांस्टेबल अशोक परिहार, देवाराम, किशोर, झूमरराम व शेखर शामिल थे।
आरोपी दिनेश के खिलाफ सांचौर व सिरोही जिले के बरलूट थाने में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में बरलूट थाना पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी कार पकड़ी थी। आरोपी को छोड़ दिया गया था। तस्करों से मिलीभगत के चलते तत्कालीन बरलूट थानाधिकारी व एसआइ सीमा जाखड़ को बर्खास्त कर दिया गया था। सिरोही पुलिस ने ओमप्रकाश पर एक हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
वहीं, ओमप्रकाश राजस्थान हरियाणा में चोरी, नकबजनी, लूट, ठगी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट में आरोपी है। उसके खिलाफ 24 एफआइआर दर्ज है। जबकि उदाराम वर्ष 2019 में बालेसर थाने में दर्ज डोडा पोस्त तस्करी के मामले में आरोपी है। वह पांच साल से फरार था। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।