
Mathania Nagar Palika Election 2026: जोधपुर। मथानिया नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस ने अपने पक्ष में 16 पार्षदों के समर्थन का दावा किया है। पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा भी कांग्रेस पार्षदों के साथ नगरपालिका परिसर पहुंचीं, लेकिन उन्हें मतदान स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद मौके पर राजनीतिक माहौल गरमा गया। मदेरणा ने मौके पर मौजूद वर्तमान विधायक भैराराम सियोल पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट किया और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) की भूमिका पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस की ओर से पुलिस और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
दिव्या मदेरणा ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचल रहा है। उन्होंने कहा कि मथानिया नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर खुलेआम सत्ता पक्ष के विधायक के बुलाने पर उनसे मिलने के लिए चुनाव परिसर से बाहर आ रहे हैं।
मदेरणा ने आरोप लगाया कि मथानिया की जनता ने भाजपा को बहुमत से नकार दिया है, ऐसे में अब सरकारी तंत्र पर दबाव बनाकर जनादेश के विपरीत बोर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनादेश दोनों का अपमान बताया।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने मथानिया के घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पार्षदों को पुलिस और प्रशासन के दबाव में वोट डालने से रोका जा रहा है। जूली ने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र का चीरहरण और हत्या हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की आड़ में जनता के जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। जूली ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि सत्ता बचाने के लिए सरकार और कितना नीचे जाएगी और पुलिस-प्रशासन के जरिए जनता के फैसले को कब तक प्रभावित किया जाएगा।