Rajasthan Politics: शेखावत ने कहा कि जो आज संविधान बचाने के नाम पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं, वो आपातकाल के सबसे ज्यादा पीड़ित हैं
Rajasthan Politics: केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। भाजपा जोधपुर शहर जिला कार्यसमिति बैठक में शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र कर झूठ को नंगे पांव दौड़ाने का काम किया। कांग्रेसी 99 सीटें जीतने के बाद इस तरह प्रदर्शन कर रहे हैं, जैसे बहुत बड़ा तीर मार लिया हो।
शेखावत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठे नैरेटिव गाढ़े। आरक्षण समाप्त करने की अफवाह फैलाई। संविधान हाथ में लेकर संविधान की हत्या करने वालों ने संविधान बचाने की दुहाई दी। इससे पहले राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश मंत्री डॉ. महेन्द्र कुमावत, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, पूर्व विधायक सूर्यकान्ता व्यास, महापौर वनिता सेठ, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. संगीता सोलंकी, नेता प्रतिपक्ष लक्ष्मीनारायण सोलंकी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री शशिप्रकाश प्रजापत, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह कच्छवाह, जगतनारायण जोशी ने भारत माता के चित्र पद दीप प्रज्जवल किया। मंच संचालन जिला महामंत्री डा. करणीसिंह खींची ने किया व धन्यवाद जिला महामंत्री मनीष पुरोहित ने दिया। जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन हॉल में हुई जिला की कार्यसमिति की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने की।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि कांग्रेस समेत इंडी एलायंस में सभी परिवारवादी पार्टियां हैं। जो आज संविधान बचाने के नाम पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं, वो आपातकाल के सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। लालू प्रसाद यादव आपातकाल में मीसा कानून के तहत जेल में बंद थे। उन्होंने अपनी पुत्री का नाम ही मीसा रख दिया था।
बैठक में कई राजनीतिक प्रस्ताव पास किए गए। इनमें राज्य सरकार ने जो बजट पारित किया है उसको सही तरीके से लागू करवाना। पहले जो छोटी-बड़ी गलतियां हुई है उनको सुधारना और कार्यकर्ताओं का काम करवाना। सरकार की योजनओं को आमजन तक पहुंचाना।
शेखावत ने कहा कि मैं और मेरी दीदी जब पढ़ते थे तो दीदी के हमेशा 99 प्रतिशत नंबर आते थे। मैं बमुश्किल पास होता था। एक बार दीदी के 95 प्रतिशत नंबर आए तो घर में मायूसी थी, लेकिन मेरे 70 प्रतिशत नंबर आने पर मोहल्ले में मिठाई बांट रहे थे। कांग्रेस की हालत मेरे जैसी है।