जोधपुर

जोधपुर में दहशत फैलाने वाला शूटर हरेन्द्र गिरफ्तार, कुख्यात सरगना लॉरेंस के भाई को भी दबोचा

दहशत फैलाने और मोबाइल व्यवसायी की हत्या में शामिल शूटर हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट को जोधपुर पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 19 Oct 2017, 11:32 AM IST
shooter harendra
shooter-harendra

जोधपुर। दिवाली से ठीक पहले शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। रंगदारी यानी अवैध वसूली के लिए गत साढ़े सात माह से शहर में दहशत फैलाने और मोबाइल व्यवसायी की हत्या में शामिल शूटर हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट को जोधपुर पुलिस ने बुधवार को गुजरात की राजधानी गांधीनगर से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ पंजाब के कुख्यात बदमाश और गैंग के सरगना लॉरेंस विश्नोई के भाई को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस कमिश्नर अशोक राठौड़ ने बताया कि रंगदारी के लिए फायरिंग और गत माह मोबाइल व्यवसायी को गोली मारने के मुख्य आरोपी शेरगढ़ थानांतर्गत दासनिया डाडे की बोरी निवासी हरेन्द्र उर्फ हीरा पुत्र जेठाराम जाट व लॉरेंस के भाई अनमोल को गांधीनगर से पकड़ा गया। हरेन्द्र के अहमदाबाद में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी।

इस उदयमंदिर थानाधिकारी मदनलाल बेनीवाल, शास्त्रीनगर थानाधिकारी अमित सिहाग, उप निरीक्षक सोमकरण, दिनेश लखावत और हैड कांस्टेबल जमशेद खान को मंगलवार रात अहमदाबाद रवाना किया गया, जहां बुधवार दिन भर तलाश करने के बाद शाम सात बजे गांधीनगर की आनंदविहार सोसइटी सेक्टर 27 से हरेन्द्र व अनमोल विश्नोई को पकड़ने में सफलता मिल गई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद देर रात दोनों को लेकर कड़ी सुरक्षा में पुलिस जोधपुर रवाना हो गई।

आनंदपाल की तरह ही पुलिस को छका रहा जोधपुर का ये शूटर, एेसे बना हार्डकोर क्रिमिनल

अहमदाबाद में छिपे होने की थी सूचना
हरेन्द्र जाट गत मार्च से जोधपुर पुलिस की आंख की किरकिरी बना हुआ था। चार मार्च को पहली बार ट्रैवल्स कम्पनी के कार्यालय में फायरिंग की कोशिश की गई थी। तब से पुलिस उसकी तलाश में थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। पिछले कुछ दिन से उसके अहमदाबाद में होने की सूचना थी। पुलिस उसे ढूंढते—ढूंढते अहमदाबाद पहुंची, जहां पूरे दिन उसकी तलाश की गई। देर शाम वह गांधीनगर से पकड़ में आ गया।

Updated on:
19 Oct 2017, 11:32 AM IST
Published on: