
जोधपुर. देश को मेडिकल उपकरणों के निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआइ) योजना की अवधि 2035-36 तक बढ़ा दी है। इसके तहत करीब 2,700 करोड़ रुपए के प्रोत्साहन उपलब्ध होंगे। इसका उद्देश्य एमआरआइ, सीटी स्कैन, कैथलैब, वेंटिलेटर सहित हाईटेक मेडिकल उपकरणों का देश में निर्माण बढ़ाना है। दूसरी ओर, जोधपुर में मेडिकल डिवाइस निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने के लिए प्रस्तावित मेडटेक पार्क अब तक गति नहीं पकड़ पाया है।
बोरानाडा एक्सटेंशन में 274 एकड़ में मेडटेक मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित करने की योजना थी। इसमें 213 औद्योगिक भूखंड प्रस्तावित है। पहले चरण में 119 एकड़ में 73 भूखंड विकसित किए जाने थे। यहां मेडिकल इंजीनियरिंग उपकरण, सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट, अस्पतालों का फर्नीचर, ऑटोक्लेव और मेडिकल टेक्सटाइल सहित अन्य उपकरणों का निर्माण होना था। लेकिन अब तक केवल 20 से 25 भूखंडों का आवंटन हुआ है। ऐसे में शेष भूखंड सामान्य श्रेणी के उद्योगों को देने की तैयारी है। मेडिकल डिवाइस क्षेत्र में अपेक्षित निवेश और उद्यमिता विकसित नहीं होने से योजना पिछड़ गई।
पार्क में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) के लिए 6.087 हेक्टेयर जमीन निर्धारित की गई थी। यहां अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब, रिसर्च और साझा तकनीकी सुविधाएं विकसित होनी थीं। इसके लिए आंध्र प्रदेश मेडटेक जोन, आईआईटी जोधपुर और जोधपुर सिटी नॉलेज एंड इनोवेशन फाउंडेशन का सहयोग प्रस्तावित था, लेकिन यह योजना भी साकार नहीं हो पाई।
नई पीएलआइ व्यवस्था में मेडिकल कंज्यूमेबल और इम्प्लांट पर औसतन 5 प्रतिशत, क्रिटिकल कंपोनेंट व कुछ हाईटेक उपकरणों पर 9 प्रतिशत तथा देश में केवल असेंबल होने वाले उपकरणों पर 6 प्रतिशत तक प्रोत्साहन का प्रावधान है। लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष महाबीर चौपड़ा ने बताया कि राज्य सरकार जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित कर निवेशकों को आकर्षित करे तो जोधपुर मेडिकल उपकरण निर्माण का बड़ा केंद्र बन सकता है।