
जोधपुर . आज युवा पॉप, फ्यूजन और वेस्टर्न म्यूजिक की ओर इस कदर आकर्षित हो रहा है कि वह अपनी परंपरागत गीत-संगीत शैली को लगभग भूलने लगा है। इसके इतर जोधपुर का एक युवा शास्त्रीय गीत-संगीत के साथ लोक व पारंपरिक शैलियों को बढ़ावा दे रहा है। अजय पुरोहित ने अपनी संगीत की यात्रा महज पांच साल की उम्र शुरू की और आज वे नामी संगीतज्ञ व गायकों के साथ गा-बजा चुके हैं। अपनी दादी मोहनकोर से प्रेरित अजय ने पंडित सतीश बोहरा के निर्देशन में संगीत की शिक्षा ग्रहण की है और अपने नाना व शहर के प्रख्यात कलाकार गुरु गोविंद कल्ला से लोक व पारंपरिक संगीत की बारीकियां सीखीं।
धार्मिक चैनल्स पर दे चुके हैं प्रस्तुतियां
प्रयाग संगीत समिति इलाहाबाद से प्रभाकर (संगीत में स्नातक) अजय सिविल इंजीनियर भी हैं। अजय जोधपुर में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताआें को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने प्रख्यात संगीतज्ञ ओपी व्यास, श्याम कुमार बोहरा, केशव जेठवा, सरिता जोशी, अनुराधा कल्ला और सौदामिनी वैंकटेश के साथ गायन किया है। साथ ही टीवी पर प्रसारित होने वाले धार्मिक चैनल के लिए भी गा चुके हैं। हारमोनियम पर महारत अजय कई एकल प्रस्तुतियां देते आए हैं। जयपुर फिल्म क्लब की ओर से सराही जा चुकी व लक्ष्य पुरोहित द्वारा निर्देशित शॉर्ट मूवी अभ्र: में संगीत दे चुके हैं।
वन्यजीव संरक्षण में निभा रहे जिम्मेदारी
संगीतज्ञ व इंजीनियर अजय पुरोहित वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अजय पर्यावरण संरक्षकों के एक एनजीओ के साथ जुड़कर गोडावण बचाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं और वन विभाग के वन्यजीव गणना में भी सहायता करते हैं। किशोर कुमार उनके पसंदीदा गायक हैं और श्याम कुमार बोहरा व भूरेखान उनके चहेते संगीतज्ञ हैं। अजय का कहना है कि एक गायक व संगीतज्ञ के जीवन में गुरु का होना अति आवश्यक है और रियाज से ही मंजिल पाई जा सकती है। अजय के पिता चंद्रप्रकाश पुरोहित जेडीए में अफसर हैं और माता अंजू पुरोहित एएनएम हैं। यू-ट्यूब पर उनके वीडियोज पसंद किए जा रहे हैं।