
जोधपुर। नगर निगम चुनाव के दौरान जोधपुर के वार्ड 10 और 21 में मतदान के बीच उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए। वार्ड 10 के पाल बालाजी मंदिर के सामने दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया। इस दौरान एक भाजपा समर्थक की बोलेरो कैंपर में तोड़फोड़ की गई और उसके शीशे पत्थर मारकर फोड़ दिए गए। विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना में एक-दो पुलिस जवानों के चोट लगने की सूचना है।
वहीं वार्ड 21 के खेमें का कुआं स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के बायां भाग मतदान केंद्र के बाहर फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि कुछ युवक स्कूल की ड्रेस पहनकर अंदर घुस गए, जिसे लेकर कांग्रेस और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा और सभी समर्थकों को वहां से खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया।
दूसरी तरफ वार्ड 10 में पाल बालाजी मंदिर के सामने मतदान चल रहा था। इसी दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कांग्रेस समर्थकों की ओर से भाजपा समर्थक की बोलेरो कैंपर को निशाना बनाया गया। वाहन पर पथराव करते हुए उसके कांच तोड़ दिए गए।
अचानक हुए बवाल से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मतदान केंद्र के आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने और अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक-दो पुलिस जवानों को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया। भारी पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवानों ने सख्ती दिखाई। पुलिस ने डंडे पटककर दोनों पक्षों के समर्थकों को मौके से खदेड़ा। इसके बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। डीसीपी कमल शेखावत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जवान क्षेत्र में राउंड लेते रहे। पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद न हो। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।