- जोधपुर संभाग में कल से रहेगा मानसून पूर्व बरसात का मौसम - बीते 24 घण्टे में आधे शहर में 2 इंच बरसात, आधा रहा सूखा
जोधपुर. दक्षिण-पश्चिमी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून बंगाल की खाड़ी की शाखा सक्रिय होकर सोमवार को ओडिशा, झारखण्ड और बिहार के कई भागों में आगे बढ़ा। उधर, अरब सागरीय शाखा गुजरात के पास सक्रिय होने से मानसून के अगले 48 घंटे में प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से हाड़ौती में पहुंचने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की भी चेतावनी दी है। इधर, उत्तरी पश्चिमी हिस्से में बुधवार से लगातार मानूसन पूर्व बरसात का दौर शुरू हो जाएगा। वैसे आधे जोधपुर शहर में बीती रात 2 इंच बरसात हुई, जबकि आधा शहर सूखा रहा। जिले के तिंवरी व बाप में डेढ़ इंच, लोहावट में एक इंच और बिलाड़ा व फलोदी में आधा इंच पानी बरसा। पाली और नागौर में भी हल्की बरसात हुई। जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर और सिरोही सूखा रहा। माउंट आबू में जरूर 36 मिमी बरसात मापी गई।
20 से अधिक पेड़ उखड़े
शहर में रविवार शाम सात बजे आधे घण्टे तक हुई बरसात व तेज हवा से 20 से अधिक पेड़ उखड़ गए। रातानाडा, पावटा, जालोरी गेट, महामंदिर क्षेत्र, मण्डोर और बनाड़ क्षेत्र में पेड़ धाराशायी हुए। रातभर 12वीं रोड चौराहे से लेकर मण्डोर क्षेत्र तक रुक-रुककर बरसात होती रही। मण्डोर में 51 मिलीमीटर बारिश मापी गई। पावटा में 41 मिमी बरसात हुई। एयरफोर्स इलाके में 12.8 मिमी पानी आया। आधा शहर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, कुड़ी, बासनी और प्रतापनगर सूखा रहा।
पूरे सप्ताह बरसाती मौसम
शहर में सोमवार सुबह से तपिश रही। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर बादलों की आवाजाही से नमी का स्तर 62 फीसदी रहा। शहरवासी उमस में पसीने से तरबतर होते रहे। दिन का तापमान 39.2 डिग्री रहा। जैसलमेर और बाड़मेर में भी गर्मी रही। जैसलमेर में रात का तापमान 27.7 व दिन का 41.8 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 27.4 व अधिकतम 41.5 डिग्री रहा।
बीते 24 घण्टे में कहां-कितनी बरसात
जोधपुर जिले में बरसात
स्थान ---------बरसात (मिलीमीटर में)
जोधपुर --------- 51 मिमी
तिंवरी ---------34
लोहावट ---------20
फलोदी --------- 12
ओसियां ---------6
बिलाड़ा ---------11
बापिणी ---------6
बाप ---------32
बावड़ी ---------2
बालेसर ---------5
संभाग के अन्य हिस्सों में बारिश
स्थान --------- बरसात
माउंट आबू --------- 36
पाली ---------1
सुमेरपुर ---------3
मारवाड़ जंक्शन ---------9
जैतारण --------- 6
खींवसर --------- 7
नावां ---------1
कुचामन ---------6