
मानसून की बेरुखी ने इस बार फलोदी जिले के किसानों की कमर तोड़ दी है। बारिश के अभाव में मूंगफली की फसल पूरी तरह चौपट हो गई। हालात यह हैं कि कई किसानों को खेतों में खड़ी फसल निकालने का खर्च तक नहीं मिला और वे फसल को खेत में ही छोड़ने को मजबूर हो गए। राज्य सरकार की ओर से क्षेत्र को अकालग्रस्त घोषित करने के बावजूद घोषित सहायता राशि किसानों के नुकसान के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
सरकारी प्रावधान के अनुसार सिंचित भूमि पर दो हैक्टेयर तक अधिकतम 44 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। इससे अधिक भूमि होने पर भी राशि इतनी ही रहेगी। वहीं दो हैक्टेयर से कम भूमि होने पर सहायता राशि घट जाएगी। इसी तरह बारानी भूमि के लिए अधिकतम 22 हजार रुपए निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में पांच बीघा जमीन वाले किसान और पचास बीघा जमीन वाले किसान के लिए भी सहायता की सीमा तय होने से बड़े किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पिछले साल जहां एक बीघा में 5 से 7 क्विंटल मूंगफली का उत्पादन हुआ था, वहीं इस बार एक क्विंटल भी नहीं हुआ। भारतीय किसान संघ अध्यक्ष मेघराज बरड़ मोरिया ने बताया कि मूंगफली की बुवाई से कटाई तक एक बीघा में 15 से 20 हजार रुपए खर्च होते हैं। इसमें बीज, जुताई, खाद, निराई-गुड़ाई, मजदूरी और ट्रैक्टर का खर्च शामिल है। किसानों ने कर्ज लेकर बुवाई की थी, लेकिन फसल खराब होने से अब कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है। किसानों ने बताया कि बुवाई के समय अच्छी बारिश होने से फसल की उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके बाद मानसून ने पूरी तरह मुंह मोड़ लिया। मूंगफली को जब पानी की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बारिश नहीं हुई। ट्यूबवेल और कुओं का जलस्तर भी नीचे चला गया। सिंचाई की सुविधा वाले किसानों ने फसल बचाने का प्रयास किया, लेकिन बिजली कटौती और महंगे डीजल के कारण उन्हें भी सफलता नहीं मिली।
किसानों का कहना है कि 50 बीघा में खेती करने वाले किसान का करीब 10 लाख रुपए तक का खर्च डूब गया, जबकि उसे अधिकतम 44 हजार रुपए ही मिलेंगे। किसानों ने मांग की है कि सहायता राशि प्रति बीघा के हिसाब से दी जाए। गिरदावरी के आधार पर फसल खराबे का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही फसल बीमा क्लेम का जल्द भुगतान हो। किसानों के अनुसार कई किसानों का बीमा होने के बावजूद बीमा कंपनी ने अभी तक सर्वे पूरा नहीं किया है।
मूंगफली की फसल खराब होने से पशुओं के लिए भूसा भी नहीं हुआ। क्षेत्र में मूंगफली का भूसा पशुओं का प्रमुख चारा है। अब पशुपालकों को बाहर से महंगे दामों पर चारा खरीदना पड़ रहा है। किसान संगठनों ने गांवों में चारा डिपो खोलने, अकाल राहत कार्य तत्काल शुरू करने और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय पर राहत नहीं मिली तो अगली फसल की बुवाई करना भी मुश्किल हो जाएगा।