जोधपुर

Heavy Rain Alert: राजस्थान के लिए आज भी भारी दिन, यहां होगी अति बारिश, बड़ी चेतावनी जारी

मारवाड़ के कई हिस्सों में सोमवार को भी बरसाती मौसम बना रहा।
less than 1 minute read
• •
Updated: 19 Sep 2023, 10:01 AM IST
monsoon_in_rajasthan.jpg

जोधपुर। मारवाड़ के कई हिस्सों में सोमवार को भी बरसाती मौसम बना रहा। कहीं रिमझिम थी तो कहीं पर बौछारें देखने को मिली। जोधपुर में दिन व रात के तापमान में महज पांच डिग्री का अंतर रहने और नमी 96 प्रतिशत होने से मौसम में ठंडक घुली रही। पंखों की गति कम करनी पड़ी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज बाड़मेर और जालोर में अति बारिश, वहीं सिरोही में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर अब परिसंचरण तंत्र में बदल गया है। यह तंत्र धीरे-धीरे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान की ओर आगे बढ़ने से बाड़मेर, जालोर और जैसलमेर के कुछ भागों में भारी बारिश की संभावना है। बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट हट जाएगा। कुल मिलाकर दो और दिनों तक बरसाती मौसम रहेगा। गुरुवार से बादल छंटने लगेंगे।

सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। सुबह से ही हल्की बारिश शुरू होने से सडक़ें भीग गई। सुबह बरसात होने से स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर निकलने वाले लोगों को परेशानी हुई। इसके बाद रुक रुककर छींटे गिरते रहे। दिनभर बरसाती बादल आते जाते रहे। दोपहर में तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम और अधिकतम आपेक्षिक आद्र्रता 96 और 79 के मध्य होने से मौसम में गीलापन रहा। तापमान में बढ़ोतरी नहीं होने से उमस से पूरी तरीके से राहत रही। तेज एसी और तेज गति से पंखा चलाने पर ठंडक का अहसास हो रहा था। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसा ही मौसम रहा।

Published on: