नारनाडी गांव में हनुमान मंदिर के सामने निर्माणाधीन मकान में मिला शव
बाड़मेर हाईवे पर नारनाडी गांव में हनुमान मंदिर के सामने एक निर्माणाधीन मकान के हॉल में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति का शव मिला। उसका चेहरा बड़े पत्थर से कुचला हुआ था। बोरानाडा थाना पुलिस को अंदेशा है कि दो-तीन दिन पहले उसकी हत्या की गई है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
थानाधिकारी रघुवीरसिंह के अनुसार बोरानाडा से करीब एक किलोमीटर आगे नारनाडी में हनुमान मंदिर के सामने महावीरनगर नाम से भूखण्ड कटे हुए हैं। वहां एक मकान का निर्माण कार्य रुका हुआ है। उसके निर्माणाधीन हॉल से दोपहर में बदबू आने पर लोगों को संदेह हुआ। हॉल में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसका शव हॉल में पत्थर के बीच पड़ा हुआ था। मुंह कुचला हुआ और खून से सना था। पास ही बड़े पत्थर पर भी खून लगा था। बीयर की बोतल व नमकीन भी पड़ी थी।
पुलिस को अंदेशा है कि उसकी दो-तीन दिन पहले बड़े पत्थर से कुचल कर हत्या की गई होगी। मृतक की पहचान नहीं हो पाई। मृतक के दांये हाथ के बाजू पर ताबीज बंधा हुआ है। उसने सफेद पेंट, काली शर्ट और चप्पल पहन रखे हैं। सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) सिमरथाराम व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे व जांच की। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है। उसके बाद ही हत्या के कारण व हत्यारों के बारे में कुछ पता लग पाएगा।
शूटर हरेंद्र गिरफ्तार
वहीं देश व दुनिया में सात महीने से किरकिरी करवा रही जोधपुर पुलिस के लिए हरेन्द्र चुनौती बना रहा। सात माह से अधिक समय तक पुलिस उसके पास तक नहीं पहुंच पाई और वह बार-बार गोलियां चलाकर दहशत फैलाता रहा। वह कई दिनों से गुजरात की राजधानी गांधीनगर व आस-पास के क्षेत्रों में छिपा हुआ था। इधर, जोधपुर पुलिस पंजाब-हरियाणा के साथ राजस्थान के कई जिलों खाक छानती रही। पुलिस को अंदेशा है कि वह गांधीनगर की आनंद विहार सोसायटी में किसी फ्लैट में रह रहा था। हालांकि उसे व उसके साथी अनमोल को सोसायटी के बाहर दबोचा गया।
शातिर इतना कि साथियों को भी नहीं थी भनक
अवैध वसूली के लिए फायरिंग करके दहशत फैलाने के मामले में पुलिस अब तक लॉरेंस विश्नोई व उसके कई गुर्गों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनसे हरेन्द्र व काली जाट के बारे में सख्त पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी उसके बारे में सूचना नहीं दे पाया था।