
जोधपुर . हर तरफ उत्साह का माहौल, चेहरों पर मुस्कान और दिल में कई अरमान लिए बच्चे और खिलाड़ी पुरस्कारों को पा कर यही कहते सुने गए कि पाई स्कूल ओलंपिक फिर मिलेंगे। जी हां, पत्रिका इन एजुकेशन (पाई), माध्यमिक शिक्षा विभाग, हिन्दुस्तान जिंक (भारत का जिंक), बच्छराज युनिफॉम्र्स एवं कॅरियर प्वाइंट की साझा मेजबानी में आयोजित हुए पाई ऑलंपिक का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को हुआ। समारोह गौशाला खेल मैदान में सुबह १० बजे आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश मनोजकुमार गर्ग, अध्यक्षता बीएसएफ राजस्थान मुख्यालय डीआईजी रवि गांधी व जेल डीआईजी विक्रमसिंह ने किया।
बतौर विशिष्ट अतिथि महापौर घनश्याम ओझा, नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा, अंतरराष्ट्रीय एथलीट कृष्णा पूनिया, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय (यातायात) भुवनभूषण यादव, बच्छराज युनिफॉम्र्स के डायरेक्टर प्रफुल्ल जैन, समाजसेवी विनोद सिंघवी व कॉमनवेल्थ पॉवर लिफ्टिंग चैम्पियन जेनिस जोसफ थे। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के नन्हें बच्चों ने कई प्रकार के रंगारंग कार्यक्रमों में भाग लेकर अतिथियों सहित खिलाडि़यों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। गणेश वंदना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक छटा ने सभी का मनमोहा।
विद्यार्थियों में दिखा था उत्साह
गोशाला क्रीड़ा संगम खेल मैदान में हुए पांच दिवसीय खेलों के महाकुंभ में जोधपुर समेत जिले की १६५ स्कूलों के करीब ७ हजार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। जिनमें विद्यार्थियों में खेलों का जबरदस्त रोमांच दिखा था।
हुआ था रंगारंग आगाज
शहर में पहली बार आयोजित हुए पाई ओलम्पिक का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश गोपालकृष्ण व्यास ने किया था। पाई ओलंपिक में मार्च पास्ट की सलामी मुख्य अतिथि जस्टिस व्यास ने ली। इसके बाद सभी खिलाडिय़ों को खेल की शपथ दिलाई गई थी। पाई स्कूल ओलंपिक जोधपुर के मार्च पास्ट में चौपासनी स्कूल विजेता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के बंशीधर गुर्जर ने की थी और विशिष्ट अतिथि महापौर घनश्याम ओझाए पूर्व संभागीय आयुक्त रतन लाहोटी थे। विशेष अतिथियों में उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा मदन नाथ रावल शिक्षा विभाग के अशोक विश्नोई थे।
इन प्रतियोगिताओं में खिलाडि़यों ने दिखाया था दमखम
प्रतियोगिता के तहत एथलैटिक्स 100, 200, 400, 800 मीटर, चार गुणा 100 मीटर और चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़, लोंगजम्प, हाई जम्प, शॉटपुट व जैवेलियन थ्रो, वॉलीबाल, बास्केटबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, खो-खो, जूडो, रस्साकशी जैसे गेम्स हुए थे।