
जोधपुर।
विवेक विहार थाना पुलिस ने अजमेर से चोरी की कार व चोर की तलाश में मंगलवार को सिटी होम अपार्टमेंट के एक विला में दबिश दी। युवक को नहीं मिला, लेकिन तलाशी लेने पर 9.8 किलो डोडा चूरा जब्त कर दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया। चोरी की कार अन्य जगह से लावारिस मिली। जिसे अजमेर पुलिस को सौंपा गया।
थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह ने बताया कि अजमेर से दो-तीन दिन पहले एक लग्जरी कार चोरी कर ली गई थी। शातिर बदमाश मनीष सोलंकी ने कार चुराई थी। उसके सिटी होम के एक विला में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने तलाशी ली, लेकिन मनीष सोलंकी नहीं मिला। वह संभवत: पुलिस के आने से पहले भाग गया था। पुलिस ने तलाशी ली तो विला में 9.8 किलो डोडा चूरा जब्त किया। जो एक-एक किलो की थैली में पैक था। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा निवासी रांची स्याल 21 पुत्री रविन्द्र कुमार और पंजाब में अमृतसर निवासी राबिया पुत्र रोनिका 23 पुत्री राजेश कुमार मलिक को गिरफ्तार किया गया।
नौकरी की तलाश में आई थी युवतियां, डोडा बेचने लगी
पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियां करीब एक माह पहले जोधपुर आईं थी। वे कुछ बदमाश युवकों के सम्पर्क में आ गईं थी। सिटी होम में पांच हजार रुपए मासिक किराए में विला लेकर रहने लग गईं थी, जहां कुछ युवकों का आना-जाना शुरू हो गया था। नौकरी न मिलने पर युवकों ने उसे डोडा चुरा बेचने की सलाह दी। इस तरह वे मादक पदार्थ बेचने लग गईं थी। पुलिस ने मकान में आने वाले दो-तीन युवकों को भी नामजद आरोपी बनाया है।
कार मिली, युवक फरार
मनीष सोलंकी के खिलाफ वाहन चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं। तलाशी में वह पकड़ में नहीं आ पाया। हालांकि विवेक विहार में चोरी की कार लावारिस हालत में मिल गई। अजमेर पुलिस जोधपुर आई और कार ले गई। मनीष की तलाश की जा रही है।