जोधपुर

बदमाशों की तलाश में मारवाड़ आना पुलिस को पड़ रहा भारी, हकीकत जान खिसक जाएगी पैरों तले जमीन!

गोली लगने से चेन्नई पुलिस के निरीक्षक की जा चुकी है जान
4 min read
• •
Updated: 17 Dec 2017, 2:53 PM IST
police encounters in jodhpur
Chennai Policeman, crime news of jodhpur, jodhpur news, jodhpur police commisionerate, police encounter, Policeman killed

जोधपुर .अपणायत के साथ अमन व सुकून के लिए प्रसिद्ध मारवाड़ एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार अपणायत के लिए नहीं, वरन बाहरी राज्य की पुलिस व बदमाशों की वजह से मारवाड़ चर्चा में है। लाखों का सोना और 5.50 करोड़ रुपए की लूट-डकैती व चोरी के आरोपियों की धरपकड़ के लिए मारवाड़ पहुंचने वाली तेलंगाना पुलिस की जल्दबाजी कहें अथवा विशाखापट्टपनम व चेन्नई पुलिस की हड़बड़ाहट कि वे बदमाशों को पकडऩे की बजाय न सिर्फ खुद ही फंस गई, बल्कि चेन्नई पुलिस के एक निरीक्षक को भी खो दिया।


धनाढ्यों के दबाव में कार्रवाई को अंजाम

मारवाड़ के हजारों लोग देश के विभिन्न राज्यों में मजदूरी करते हैं। वे मेहनत मजदूरी के साथ आपराधिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। जो वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए भागकर गांव आ जाते हैं। उधर, वारदात का शिकार होने वाले धनाढ्य सेठों के दबाव व कथित लालच में आकर पुलिस बदमाशों को पकडऩे के लिए हाथ-पांव मारने लग जाती है। कई बार वे बगैर स्थानीय पुलिस को सूचित किए छापेमारी करने पहुंच जाती है। सांचौर में गत अक्टूबर में मुठभेड़ में ५.५० करोड़ रुपए की लूट के मुख्य आरोपी के मारे जाने के मामले में भी यही हुआ था। तेलंगाना की करनूल थाना पुलिस ने सांचौर पुलिस की मदद लेना तो दूर, सूचना तक नहीं दी थी।


स्थानीय पुलिस व बदमाशों में सांठ-गांठ का अंदेशा

लूट, डकैती व चोरी के आरोपियों की तलाश में जब पुलिस किसी भी अन्य राज्य या जिले में पहुंचती है तो उन्हें अंदेशा रहता है कि स्थानीय पुलिस को सूचना देते ही संदिग्ध आरोपियों को कार्रवाई की भनक न लग जाए। स्थानीय पुलिस की मदद से वे हाथ से निकल न जाएं। इसी के चलते अधिकांश मौकों पर पुलिस सीधे कार्रवाई करने को प्राथमिकता दे रही है। वांछितों के पकड़े जाने के बाद वे स्थानीय पुलिस को अवगत करवाते हैं।


स्थानीय पुलिस व जनप्रतिनिधि से सम्पर्क पर बल

पुलिस का कहना है कि किसी भी वारदात में यदि आरोपी को पकडऩे के लिए उसके गृह जिले या ठिकाने पर दबिश दी जाती है तो स्थानीय पुलिस को सूचना देनी होती है। इसके अलावा यदि विरोध का अंदेशा हो तो जनप्रतिनिधि को भरोसे में लेकर भी आरोपी को पकड़ा जाता है।


लॉरेंस के गुर्गों को पकडऩे में लोकल पुलिस की मदद

रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग व एक व्यवसायी की हत्या करने के बाद फरार होने वाले लॉरेंस के गुर्गों को पकडऩे के लिए जोधपुर पुलिस ने पिछले आठ-नौ महीनों में कई जगह छापे मारे थे। इसके लिए पंजाब, हरियाणा व अन्य जिले की पुलिस की मदद भी ली गई थी।

केस : १
पकडऩे आए थे, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की गई जान

तेलंगाना का पुलिस स्टेशन करनूल। व्यापारी से लूट के ५.५० करोड़ रुपए बरामद करने और भागलभीम निवासी आरोपी भीम सिंह को पकडऩे के लिए तेलंगाना पुलिस गत २७ अक्टूबर को सांचौर पहुंची थी। माखुपूरा पुल के पास पुलिस को देख भीम सिंह व चालक भरत एसयूवी को भगाने लगे थे। तेलंगाना पुलिस ने पीछा शुरू किया। मुठभेड़ में दोनों तरफ से गोलियां चलीं। पांच किमी तक पीछा करने के बाद लाछड़ी गांव में तेलंगाना पुलिस की गोली से भीम सिंह की मौत हो गई थी। इस दौरान नौ राउण्ड गोलियां चलाई गईं थी। भागने के दौरान वाहन की चपेट से वृद्धा शांता की मृत्यु भी हो गई थी। परिजन व समाज के विरोध के बीच सांचौर थाने में हत्या, मुठभेड़ व दुर्घटना में महिला की मौत के तीन मामले दर्ज किए गए थे।

केस : २
डेढ़ लाख रुपए व युवती के लालच में पहुंचे जेल

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में तीन किलो सोने की डकैती में आधा दर्जन से आरोपियों की पहचान की गई थी। जो जोधपुर व पाली के रहने वाले थे। वारदात के बाद विशाखापट्टनम से भाग आए थे। इनकी तलाश में विशाखापट्टनम से पुलिस दल गत दो नवम्बर को पाली-जोधपुर आई थी, जहां से कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया था। बिलाड़ा के बरना हाल मीरा नगर निवासी रामनिवास चौधरी को भी पकड़कर कार कब्जे में ले ली थी। उसे छोडऩे की एवज में पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए व युवती की मांग की थी। वे बोरानाडा के पास होटल में ठहरे थे। विशाखापट्टनम पुलिस ने साठ हजार रुपए उससे ले लिए थे। गत ६ नवम्बर को होटल में ८० हजार रुपए लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने विशाखापट्टनम पुलिस की क्राइम ब्रांच के निरीक्षक आरवीआरके चौधरी, उप निरीक्षक एसके शरीफ, गोपाल राव व कांस्टेबल एम हरिप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया था। चारों अभी तक जेल में बंद है।

केस : ३
गोली लगने से गंवाई निरीक्षक की जान

जोधपुर जिले के बिलाड़ा व पाली के बदमाशों की गैंग ने चेन्नई स्थित ज्वैलरी शोरूम से तीन किलो का सोना चुराया था। गैंग की लोकेशन पाली आने पर चेन्नई पुलिस दल गत दिनों पाली पहुंचा था। स्थानीय पुलिस ने उन्हें चार युवक सौंपे थे। मुख्य आरोपी नाथूराम जाट फरार हो गया था। जो जैतारण के पास रामावास गांव स्थित भट्टे पर छुपा हुआ था। चेन्नई की पुलिस ने बुधवार मध्यरात्रि वहां दबिश दी थी। आवाज सुनकर आरोपी व वहां मौजूद लोग जाग गए थे और पुलिस पर हमला कर दिया था। इस दौरान पुलिस की पिस्टल से गोली चल गई थी। जो पुलिस निरीक्षक एस पेरियापांड्यल की मृत्यु हो गई थी। मुख्य आरोपी नाथूराम मौके से भाग निकला था। जबकि चार जनों को पुलिस ने हिरासत में लिया। चेन्नई की पुलिस की तरफ से जैतारण थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

इनका कहना है

दक्षिण भारत व राजस्थान पुलिस की कार्यशैली में अंतर है। दोनों पुलिस की कार्रवाई का ट्रेण्ड अलग है। रेंज में सभी जिले की पुलिस को सख्त निर्देश हैं कि किसी आरोपी को पकडऩे जाएं तो संबंधित एसपी से सम्पर्क करें और उस आरोपी को पकडऩे के लिए उन्हें लिखित में दिया जाए। निचले स्तर पर पुलिस व आरोपी में कोई सहानुभूति हो सकती है, लेकिन उच्च स्तर से निर्देश के बाद कोई शंका नहीं रहती है।

हवा सिंह घुमरिया, पुलिस महानिरीक्षक, रेंज जोधपुर।

Published on:
Also Read
View All