
जोधपुर. केंद्रीय मंत्री और राजस्थान प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार सुबह सेक्टर 7 स्थित अटल मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता की। यहां उन्होंने कांग्रेस की ओर से जारी किए जा रहे बयानों की भत्र्सना की। सीपी जोशी के बयान का विरोध करते हुए उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन बताया और चुनाव आयोग में कांग्रेस की शिकायत कर पार्टी की मान्यता रद्द करने की सिफारिश की है। कांग्रेस के सेना विरोधी और राष्ट्र विरोधी बयानों की भी उन्होंने निंदा की। जावड़ेकर ने कहा कि महंगाई रोजगार जैसे मुद्दों पर कांग्रेस झूठ बोल रही है। सचिन पायलट को खेलने लेकिन अशोक गहलोत के विरुद्ध दमदार उम्मीदवार नहीं उतारने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यहां भी हमारी रणनीति है और समय आने पर पता चलेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। कांग्रेस दिन में ख्याल देख रही है और उनके प्रत्याशी ने अभी से अपनेआप को मुख्यमंत्री समझ लिया है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि वे अपने विचार प्रकट कर खुद को ही खत्म करने में लगे हुए हैं। राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की शुरू से ही भूमिका यह रही है कि राम मंदिर जहां बननी चाहिए, वहां बनेगा। राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं है। वहां मंदिर बन चुका है सिर्फ उसे भव्य बनाने का इंतजार चल रहा है। अलवर में चार युवकों द्वारा किए गए सामूहिक आत्महत्या मामले पर जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा सरकार ने रोजगार बहुत दिया है। यह आत्महत्याएं होना दुर्भाग्य पूर्ण है। पुलिस की रिपोर्ट आने पर मालूम चलेगा कि असल मुद्दा क्या था। हम कांग्रेस को खुली चुनौती देते हैं कि वे सामने आएं और बताएं कि उन्होंने कितना रोजगार दिया और हमारी सरकार ने कितना रोजगार दिया है। गैस सिलेंडर पर बढ़ी महंगाई पर जावड़ेकर ने सवाल को टाल दिया।