जोधपुर

सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए घर से निकले थे पांच दोस्त, भीषण सड़क हादसे में 1 की मौत, 4 गंभीर

Rajasthan Road Accident: मृतक सुरेंद्र सिंह का शिवगंज के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
2 min read
Jul 22, 2024
Feature image

Rajasthan Road Accident: तिंवरी कस्बे के पांच दोस्त हंसी खुशी सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए तिंवरी से अपने अपने घर से रवाना हुए। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि उनमें से एक मित्र का साथ हमेशा के लिए खोना पड़ेगा। देर रात करीब दो बजे उनकी गाड़ी ब्यावर-पिंडवाड़ा फोर लाइन पर शिवगंज थाना क्षेत्र के वेरा रामपुरा से रवन्द्रा के बीच सड़क पर मवेशी आ जाने से अनियंत्रित हो कर डिवाइडर से टकरा पलटी खा गई। हादसा इतना भयानक था कि सुरेंद्र सिंह पुत्र भोम सिंह( 40) निवासी तिंवरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।

घायलों को गुजरात रेफर किया

हादसे की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची व हादसे में गंभीर रूप से घायल राकेश पुत्र भैराराम भार्गव, मुकेश पुत्र दाऊलाल भार्गव, देवेंद्र पुत्र अनोपचन्द गोयल व सुरेंद्र पुत्र सत्यनारायण निवासी तिंवरी को कार में से बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में शिवगंज के जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से प्राथमिक उपचार कर चारों को गुजरात रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों युवकों का पालनपुर के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं मृतक सुरेंद्र सिंह का शिवगंज के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे की खबर सुन हर कोई रह गया स्तब्ध

अल सुबह जैसे ही क्षेत्र के लोगों को हादसे में बारे में जानकारी मिली तो हर कोई सहम सा गया। परिजनों को अल सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो घटना स्थल के लिए रवाना हुए। जैसे ही मृतक सुरेंद्र सिंह का शव तिंवरी पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। गमगीन माहौल के बीच नम आंखों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अब घायलों के लिए ग्रामीण जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

Updated on:
22 Jul 2024 09:41 am
Published on:
22 Jul 2024 09:41 am