Rajasthan Budget 2025-26: राजस्थान सरकार की ओर से विधानसभा में पेश किए गए बजट में जोधपुर को सड़क, उद्योग, पेयजल, स्वास्थ्य, पयर्टन, बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई सौगातें मिलीं
Rajasthan Budget: राजस्थान सरकार की ओर से बुधवार को विधानसभा में पेश किए गए बजट में जोधपुर को सड़क, उद्योग, पेयजल, स्वास्थ्य, पयर्टन, बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई सौगातें मिली हैं। प्रदेश का डिजास्टर डाटा रिकवरी सेंटर जोधपुर में बनेगा। इस पर 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कई सरकारी विभागों की ऑनलाइन सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए यह बड़ी घोषणा है।
सड़कों की दशा सुधारने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपए की राशि से नॉन-पेचेबल सड़कों के कार्य किए जाएंगे। मरुस्थलीय क्षेत्र में यह राशि 15 करोड़ रुपए प्रति विधानसभा क्षेत्र होगी। फलोदी में हड़बूजी पैनोरमा की घोषणा की गई है। फलोदी सहित अन्य हवाई पट्टियों को उन्नत कर बड़े हवाई जहाज उतरने योग्य बनाया जाएगा, इसके लिए 105 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
राज्य सरकार की ओर से बुधवार को पेश बजट घोषणा के अनुसार जोधपुर के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ऐसे में डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म के तहत जोधपुर में पीपीपी मोड पर काम शुरू किया जाएगा। पर्यटन और कला के क्षेत्र में जोधपुर में ट्रैवल मार्ट आयोजित किया जाएगा।
यह वीडियो भी देखें
वहीं पर्यटकों को शहर के पर्यटन स्थलों को दिखाने के लिए हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सेवा शुरू होगी। इस सेवा में यात्रियों को अपनी पसंद के अनुसार विभिन्न स्थलों पर रुकने और फिर बस में वापस चढ़ने की सुविधा प्रदान करने से पर्यटकों को इसका फायदा मिलेगा। साथ ही पर्यटकों को निर्धारित रूट, टिकट और समय सारणी की जानकारी मिलेगी। वहीं जोधपुर में ट्रेवल मार्ट का आयोजन पर्यटन उद्योग के लिए एक प्लेटफार्म प्रदान करेगा।