जोधपुर

अशोक गहलोत के लिए लकी चार्म थीं उनकी बड़ी बहन, हर चुनाव से पहले देती थीं गुडलक का लिफाफा

Rajasthan News : अशोक गहलोत की बड़ी बहन ने मंगलवार शाम को जोधपुर के लालसागर नृसिंह विहार कॉलोनी स्थित आवास में अंतिम सांस ली।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2024, 11:05 AM IST
ashok_gehlot_sister_vimla_devi.jpg

Jodhpur News : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बड़ी बहन विमला देवी (Vimla Devi dies in Jodhpur) अब इस दुनिया में नहीं हैं। वे लंबे समय से बीमार थीं। मंगलवार शाम को उनका निधन हो गया। गहलोत और उनकी बड़ी बहन विमला देवी के बीच बेहद प्रेम और स्नेह था। गहलोत अपनी बड़ी बहन को खुद के लिए काफी लकी मानते थे। वे जब भी जोधपुर में होते थे, समय निकालकर अपनी बड़ी बहन से मिलने जरूर जाते थे।

नामांकन से पहले लेते थे आशीर्वाद

इतना ही नहीं गहलोत चुनाव से पहले जब भी नामांकन भरने जाते थे तो पहले अपनी बहन से आशीर्वाद लेना नहीं भूलते थे। बहन भी उनको चुनाव में जीत का आशीर्वाद देती थीं। इसके साथ ही उनकी बहन एक लिफाफे में अपने भाई को शगुन के तौर पर कुछ ना कुछ जरूर देती थीं। गहलोत के लिए ये लिफाफा हर बार बेहद लकी साबित हुआ है। गहलोत हर रक्षाबंधन पर अपनी बहन से रक्षासूत्र बंधवाने जरूर आया करते थे। साथ ही दीपावली पर पूरे परिवार के साथ बहन से मिलने आते थे। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान गहलोत ने अपनी बहन के घर पहुंचकर आशीर्वाद लिया था।

वहीं बड़ी बहन के निधन के बाद गहलोत बेहद भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि बड़ी बहन विमला देवी का हमारे बीच से जाना मेरे लिए हमेशा के लिए एक रिक्त स्थान छोड़ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा। बाईजी मेरे लिए मां के समान थीं। उनकी कमी मेरे जीवन में हमेशा खलती रहेगी। अपने 93 वर्ष के जीवन में उन्होंने सभी को बेहद स्नेह और आशीर्वाद दिया। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।

Published on: