Rajasthan Monsoon 2024: छोटी खारी व बड़ी खारी गांव में कई परिवार पानी से पूरी तरह से घिर चुके हैं। खारी गांव के ग्रामीण भगवानराम चौधरी ने बताया कि उनका मकान व बाड़ा पानी से घिर चुका है।
Jodhpur News: खारिया मीठापुर। बारिश से पानी की आवक हाेने व ओलवी-पालासनी एनीकट फूटने से छोटी खारी व बड़ी खारी गांव के कई परिवार पानी से घिर जाने की सूचना पर विकास अधिकारी कंवरलाल सोनी की अगुवाई में सार्वजनिक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने एनीकट स्थल, सडक मार्ग व खारी गांव मे पानी के भराव का जायजा लिया। वही सिंचाई विभाग ने रेत से भरे कट्टे मंगवाकर जगह- जगह डलवाए।
पालासनी सरपंच लहरियादेवी गहलोत ने बताया कि बारिश से बिसलपुर की सरकारी स्कूल की दीवार गिर गई और खेल मैदान में पानी भर गया। वहीं पालासनी गांव की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बने चार कमरे व बरामदा क्षतिग्रस्त हाेगए। चारों कमरों व बरामदों की छतों से पानी गिर रहा है। इससे कमरे पूरी तरह पानी से भर गए। ऐसे में बुधवार को स्कूल में शिक्षण कार्य नहीं हो सका। हजारों बीघा खेत जलमग्न हो चुके हैं।
ग्रामीण दौलाराम चौधरी ने बताया कि छोटी खारी व बड़ी खारी गांव में कई परिवार पानी से पूरी तरह से घिर चुके हैं। खारी गांव के ग्रामीण भगवानराम चौधरी ने बताया कि उनका मकान व बाड़ा पानी से घिर चुका है। सड़क मार्ग व गलियों में पानी के तेज आवक से आवागमन बंद हो गया है। उन्होंने मंगलवार की रात परिवार वालों के साथ पानी के बीच मे चारपाई पर बैठकर भूखे- प्यासे रहकर अंधेरे मे गुजारी।
झाक गांव में ओमप्रकाश खोजा के रहवासी मकान का एक हिस्सा बारिश में गिर गया। सरपंच ललिता चौधरी ने पटवारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही झाक गांव मे चौकीदारों के बास में बिजली का तार टूटने से जोर से स्पार्किंग हुई । तेज आवाज सुनकर आस-पास रहवासी परिवार जान बचाने के लिए घर छोड़कर अन्यत्र जगह चले गए।