जोधपुर

Priyanka Bishnoi Death: आरएएस प्रियंका के इलाज की जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम आज जोधपुर आएगी

Priyanka Bishnoi Death: चिकित्सा शिक्षा विभाग ने गठित की 5 सदस्यीय कमेटी, कलक्टर ने राज्य सरकार को भेजी रिपोर्ट
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2024, 7:36 AM IST
RAS officer Priyanka Bishnoi death

Priyanka Bishnoi Death: आरएएस प्रियंका बिश्नोई की मृत्यु के कारणों की जांच करने के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित की गई उच्च स्तरीय जांच कमेटी शनिवार को जोधपुर आएगी। जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज के तीन डॉक्टरों और एम्स जोधपुर के दो डॉक्टरों की टीम शनिवार को अपनी जांच शुरू करेगी। कमेटी को अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को 22 सितंबर तक सौंपनी है।

इससे पहले शुक्रवार दोपहर को कलक्टर गौरव अग्रवाल ने डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर्स की जांच रिपोर्ट को राज्य सरकार को भेज दिया। इस मामले में आरएएस एसोसिएशन ने मुख्य सचिव सुधांशु पंत से मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने आदेश जारी कर पांच सदस्यीय समिति गठित की है। आदेश के अनुसार यह कमेेटी वसुंधरा अस्पताल में सर्जरी होने के बाद बिश्नोई के इलाज के सभी पहलुओं और मृत्यु के कारणों पर जांच करेगी।

मरीज की सीटी स्कैन नहीं हुई, जांच की बताई जरूरत

डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच रिपोर्ट में सीटी स्कैन की स्थिति की और आगे जांच की जरूरत बताई है। सूत्रों के मुताबिक पांच सदस्यीय डॉक्टर्स की कमेटी में एक चिकित्सक ने सीटी की सलाह के बावजूद सीटी नहीं होने के बिन्दू पर जांच की सलाह दी है। अन्य बिन्दुओं पर जानबूझकर लापरवाही सामने नहीं आना बताया है।

रिपोर्ट में यह भी लिखा गया है कि मरीज के परिजन व अस्पताल के स्टाफ के बयानों में भिन्नता है। अत: इसकी आगे जांच की जरूरत है। उधर, वसुंधरा अस्पताल के कंसल्टेंट डॉ. संजय मकवाना का कहना है कि रात को 9.30 बजे न्यूरोलॉजिस्ट ने सीटी ब्रेन की सलाह दी थी, लेकिन मरीज प्रियंका बिश्नोई स्टेबल नहीं थी और परिस्थितियां भी अनुकूल नहीं थी। इसलिए सीटी नहीं करवाई गई। यह हमने नोट में भी लिया था, रात 11 बजे भी फिजिशियन ने इस मामले में नोट लिखा। सुबह तो उनकी शिफ्टिंग ही शुरू हो गई।

ये हैं कमेटी में शामिल

इस कमेटी में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ अशोक गुप्ता, फोरेंसिक मेडिकल एंड टॉक्सिकोलॉजी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ.आर.के पूनिया, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के रेडियोडायग्नोसिस विभाग की सीनियर प्रोफेसर डॉ. अनु भंडारी, एम्स जोधपुर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा सिंह और एम्स जोधपुर के एनीस्थिसिया विभागाध्यक्ष डॉ.प्रदीप भाटिया शामिल हैं।

डीसीपी को सौंपी रिपोर्ट, केस दर्ज करने की मांग

उप जिला प्रमुख विक्रम सिंह बिश्नोई के नेतृत्व में पूर्व प्रधान भागीरथ बेनीवाल, पार्षद महेन्द्र बिश्नोई व पंचायत समिति सदस्य राजूराम बिश्नोई पुलिस उपायुक्त पश्चिम कार्यालय पहुंचे। मोबाइल पर डीसीपी से वार्ता के बाद प्रतिनिधि मण्डल ने जांच कमेटी की रिपोर्ट कार्यालय में सौंपी। इस आधार पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इससे पहले प्रतिनिधि मण्डल ने कलक्टर कार्यालय से जांच रिपोर्ट ली।

Updated on:
21 Sep 2024, 7:36 AM IST
Published on: