Rajasthan News: बांध पर उत्सव का माहौल, आज बोट्स चलाने की तैयारी, एक पखवाड़े से अरावली की पहाड़ियों से आ रहे पानी से भरा बांध
Rajasthan News: जसवंत सागर बांध ओवरफ्लो होने के साथ ही मरुगंगा का स्वरूप साकार हो गया है। अब लूनी नदी का यहां से पानी बालोतरा तक जाएगा। इसी को मरुगंगा कहा जाता है। शनिवार को बांध पर दिनभर उत्सव का माहौल रहा। सिंचाई विभाग ने दो बोट मंगवाई हैं। रविवार को बांध में इन्हें चलाने की तैयारी है।
एक पखवाड़े से अरावली की पहाड़ियों से बहकर आ रहे पानी से जसवंत सागर बांध छलक गया है। शुक्रवार देर रात बांध से पानी की निकासी चार द्वारों से होने लगी है। यह जलराशि एक झील को भरते हुए रियासत काल के दौरान बनी नहरों तक पहुंच चुकी है। अनवरत रूप से बांध पर चादर चलती रही तो इससे भावी, बाला और लाम्बा के तालाब भी लबालब हो जाएंगे। झाक और कालाउना की नदियां अपने परंपरागत वेग के साथ बह रही हैं।
जोधपुर के पिचियाक गांव में जलवंत सागर बांध के आसपास का इलाका अब एक पिकनिक स्थल बन गया है। दिनभर लोगों का परिवार समेत जमावड़ा रहने लगा है। कई स्टालें लग चुकी हैं।
पानी के तेज बहाव और लोगों की सुरक्षा के लिए बांध के पास और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी बांध के चारों ओर ड्यूटी कर रहे हैं।