Jaswantsagar dam: सत्रह साल बाद शुक्रवार शाम पांच बजे जसवंतसागर बांध के पानी का गेज 26.50 फीट को छूते ही गंगा मैया के जयकारों के साथ प्रफुल्लित ग्रामीण नाचने लगे। ग्रामीणों ने सागर में ओढ़नी चढ़ाकर जलराशि का बधावणा किया। ढोल बजने के साथ गेर नृतक भी झूम उठे तो पाल के निकट मौजूद लोग एक-दूसरे को बधाइयां देने लगे। बांध के आसपास दिनभर उत्सव सा माहौल रहा। देर रात 11 बजे बांध से पानी छलक गया और तीन पिलरों से पानी निकलने लगा।