जोधपुर

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में आंधी-बारिश-वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

Rajasthan Weather News: राजस्थान के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

2 min read
Apr 29, 2026
rajasthan rain alert
फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार अगले तीन घंटे में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

यह वीडियो भी देखें

धूलभरी आंधी का अलर्ट

जारी चेतावनी के अनुसार बीकानेर, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, डीडवाना-कुचामन और चूरू जिलों में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चल सकती है। वहीं अलवर, भरतपुर, बूंदी, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, डीग, खेड़ली-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और झुंझुनूं जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने इस स्थिति को येलो अलर्ट श्रेणी में रखा है। इसके तहत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर वाहन चालकों को सावधानी बरतने, तेज हवा और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने तथा बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। संभावित प्रभाव के तौर पर कहीं-कहीं पेड़ गिरने या हल्का नुकसान होने की आशंका जताई गई है। मौसम में अचानक बदलाव के चलते लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और खुले स्थानों पर खड़े रहने से परहेज करने को कहा गया है। अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।

भीषण गर्मी से राहत नहीं

वहीं जोधपुर संभाग में हवाओं के चलते तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। दिनभर चलती गर्म हवा और तीखी धूप ने लोगों को परेशान किया। जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बावजूद तपिश का असर कम नहीं हुआ और दोपहर के समय हालात झुलसाने वाले बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से अगले एक-दो दिन में तापमान में और गिरावट की संभावना है, हालांकि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम है।

जोधपुर में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, पिछली रात की तुलना में तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट आई। सुबह से ही तेज धूप के कारण दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ता गया। दोपहर में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। शाम ढलने के बाद भी गर्म हवा के झोंके चलते रहे, जिससे जनजीवन प्रभावित होता नजर आया और लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

Published on:
29 Apr 2026 05:30 pm