
जोधपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बना राजीव गांधी इनोवेशन हब (पत्रिका फोटो)
Jodhpur Rajiv Gandhi Innovation Hub: जोधपुर: पश्चिमी राजस्थान के युवाओं, नव उद्यमियों और स्टार्टअप के लिए आने वाले दिनों में नई संभावनाओं के द्वार खुलने जा रहे हैं। जोधपुर शहर में विकसित हो रहा राजीव गांधी नॉलेज सर्विस एंड इनोवेशन हब अब संचालन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हब का सिविल निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में इंटीरियर का काम चल रहा है। आगामी तीन महीने में इसे ऑपरेशन में लाने की तैयारी है।
बता दें कि करीब 200 करोड़ रुपए की परिकल्पित लागत वाला यह इनोवेशन हब युवाओं के नए बिजनेस आइडिया को धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां स्टार्टअप को शुरुआती स्तर पर मार्गदर्शन, तकनीकी संसाधन, इन्क्यूबेशन और नवाचार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। इससे युवाओं को अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सकेगा।
हब के पूरी तरह तैयार होने के बाद इसके आवंटन, संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) स्तर पर पॉलिसी तय होगी। इसी नीति के आधार पर स्टार्टअप, उद्यमियों और अन्य संस्थाओं को स्थान आवंटित करने सहित संचालन की व्यवस्था की जाएगी।
इस प्रकार के तीन इनोवेशन हब जोधपुर, जयपुर और कोटा में घोषित किए गए थे। जेआईए के अध्यक्ष सोनू भार्गव ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के युवाओं को स्टार्टअप के लिए जयपुर या अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने का अवसर मिलेगा। जेआईए के पूर्व अध्यक्ष अनुराग लोहिया ने बताया कि तकनीक, नवाचार और नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को एक ही परिसर में सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इनोवेशन हब का कुछ इंटीरियर कार्य चल रहा है। सिविल वर्क पूरा हो चुका है। हमारी ओर से तीन महीने में इसे पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद आवंटन और अन्य नीतियां मुख्यालय स्तर पर बनाई जाएंगी।
-मनीषा चौहान, एसीपी, डीओआईटी
Updated on:
3 Nov 2026, 4:08 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 4:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.