जोधपुर

Rajnath Singh Balesar Visit: बालेसर में गरजे रक्षामंत्री, कहाः भाजपा सिर्फ वादे नहीं बल्कि उन्हें पूरा भी करती है

जोधपुर/बालेसर। शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बालेसर पहुंचे रक्षामंत्री ने नौ साल के मोदी शासन की उपलब्धियों का जमकर बखान किया
3 min read
Jun 28, 2023
rajnath_singh_balesar_visit_5.jpg

जोधपुर/बालेसर। शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बालेसर पहुंचे रक्षामंत्री ने नौ साल के मोदी शासन की उपलब्धियों का जमकर बखान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ वादे नहीं करती बल्कि उन्हें पूरा करने का भी काम करती है। हमने धारा 370 और राम मंदिर को लेकर जो वादे किए थे, उन्हें आज पूरा करके भी दिखा दिया है।

भारत की बढ़ती हुई ताकत का स्वागत

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरीकी कांग्रेस के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को दो बार संबोधित किया। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बुलावे पर वे वहां पहुंचे थे। यह भारत की बढ़ती हुई ताकत का स्वागत है। जब प्रधानमंत्री मोदी अमरीकी संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रहे थे उस समय वहां मौजूद 79 सांसदों ने 79 बार तालियां बजाकर और 15 बार खड़े होकर तालियां बजाई। इसे देख हर स्वाभिमानी भारतीय का सीना चौड़ा हो गया।

चुटकी बजाते ही खत्म कर दी धारा 370

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सिर्फ भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कि ना सिर्फ वादे करती है बल्कि उसे पूरा करने का दम भी रखती है। हमने 1951 में ही जनता से वादा किया था कि जब हम पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएंगे तो कश्मीर से धारा 370 को खत्म करेंगे। जिस दिन दोनों सदनों में हमे पूर्ण बहुमत मिला हमने चुटकी बजाकर धारा 370 को खत्म कर दिया। भाजपा ने हर चुनाव में भव्य राम मंदिर बनाने का वादा किया था और अब आप 24 जनवरी के बाद अयोध्या जाएंगे तो इतना भव्य मंदिर देखने को मिलेगा, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने समान नागरिक संहिता को भी लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विरोधी इसे हिंदु मुसलमान लेकर बात करते हैं, लेकिन हम देश को साथ लेकर राजनीति करते हैं।

रक्षा के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत

जनसभा में रक्षामंत्री ने कहा कि देश हर मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले गोले, बंदूकें और मिसाइल सभी बाहर से मंगाए जाते थे, लेकिन आज हम दुनिया के लिए हथियार बना रहे हैं। इस साल भारत ने 16 हजार करोड़ रुपए के हथियार एक्सपोर्ट किए हैं। उन्होंने कहा कि साल 2047 आते-आते भारत इस मुकाम पर पहुंच जाएगा कि दुनिया में सबसे ज्यादा हथियारों का एक्सपोर्ट यहीं से होगा।

रूस यूक्रेन युद्ध का किया जिक्र

राजनाथ सिंह ने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि जब रूस से मिसाइलें यूक्रेन पर बरस रही थीं, उस वक्त हजारों की संख्या में भारतीय बच्चे वहां फंस गए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के दर्द को समझा और रूस के राष्ट्रपति पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को फोन कर बमबारी रोकने के लिए कहा। इसके बाद साढ़े चार घंटे के लिए सीजफायर का ऐलान हुआ और उस दौरान यूक्रेन में फंसे 27 हजार भारतीय बच्चों को वहां से सुरक्षित निकाला गया।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

जनसभा के दौरान रक्षा मंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब देश में हर दिन केवल 10 किलोमीटर सड़क बन पाती थी, लेकिन मोदी सरकार में हर दिन 40 किलोमीटर का नेशनल हाइवे बनकर तैयार हो रहे हैं। इस दौरान राजनाथ सिंह ने जनता से संवाद कर उनके दर्द को समझा। उन्होंने गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनावी साल आया तो कांग्रेस सरकार ने जनता के बीच बख्शीश बांटना शुरु कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राजस्थान की जनता को खरीदा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने जनता से वादा किया कि जल्द ही किताबों में पन्नाधाय को पढ़ाया जाएगा। इस दौरान रक्षामंत्री ने महावीर चक्र विजेता हनुत सिंह का भी जिक्र किया।

राष्ट्र प्रथम की नीति पर काम करती है मोदी सरकारः शेखावत

जनसभा में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार ने पिछले 9 साल में गरीब कल्याण के संकल्प को लेकर देश को बदलने के लक्ष्य पर काम किया है। मोदी सरकार हमेशा राष्ट्र प्रथम की नीति पर काम करती है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश के गरीब को पहली बार ऐसा अहसास हो रहा है कि केंद्र में एक सरकार ऐसी भी आई है, जिन्होंने उनके कल्याण पर काम करना शुरु कर दिया है। शेखावत ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा और आवास के क्षेत्र में शानदार काम हुआ है। वहीं विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि हिंदुस्तान की राजनीति में यह 9 साल ऐसे हैं, जिन पर पूरा ग्रंथ लिखा जा सकता है। उन्होंने करगिल का जिक्र करते हुए कहा कि शेरगढ़ के जवानों ने इस युद्ध में दुश्मनों के होश उड़ा दिए। पीएम मोदी का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ये पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनसे अमरीकी राष्ट्रपति ऑटोग्राफ मांगते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा निकालने वालों ने ही भारत को तोड़ने का काम किया है।

Updated on:
28 Jun 2023 08:36 pm
Published on:
28 Jun 2023 07:50 pm