जोधपुर

Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए दान देने में राजस्थान देशभर में अव्वल, जानिए कैसे

Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए दान देने के मामले में जोधपुर और राजस्थान के दानदाता पूरे देश में सबसे आगे रहे हैं।
2 min read
Jan 15, 2024
rajasthan_becomes_donor_for_construction_of_ram_temple_in_ayodhya.jpg

Ram Mandir अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए दान देने के मामले में जोधपुर और राजस्थान के दानदाता पूरे देश में सबसे आगे रहे हैं। पूरे देश में सबसे ज्यादा सहयोग राशि जोधपुर के लोगों ने दी है। राजस्थान से करीब 557 करोड़ रुपए की राशि भेजी गई। इसमें जोधपुर से दान की गई 221 करोड़ रुपए की राशि शामिल है। वहीं, आबादी के हिसाब से सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। जहां से करीब 200 करोड़ से अधिक की राशि दान की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की योजना व विश्व हिन्दू परिषद् के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य के लिए देशभर में निधि समर्पण अभियान चलाया गया था।जोधपुर में यह अभियान 15 जनवरी से 21 फरवरी 2021 तक चला। संघ-विहिप के देशभर में 44 प्रांतों में जोधपुर धनराशि संग्रहण में पहले स्थान पर रहा। वहीं, देश के विभिन्न राज्यों के महानगर, शहर-गांवों का भी योगदान रहा। इसमें अकेले जोधपुर प्रांत को 23 जिलों में बांटा गया है।

अभियान की शुरुआत में पहला 1 करोड़ का चैक जोधपुर से
देशभर में निधि समर्पण अभियान शुरू होने पर सबसे पहले 1 करोड़ रुपए की राशि भी जोधपुर से दी गई थी। इसमें समाजसेवी निर्मल गहलोत ने अभियान शुरू होने पर 1 करोड़ रुपए का चैक दिया था।

अनोखे भामाशाह
1- भिखारी ने दे दी 9 साल की कमाई
हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के एक भिखारी ने अपने 9 साल की कमाई करीब 7 हजार रुपए से अधिक का सहयोग दिया।
2-महिला ने गहने-आभूषण दिए सूरसागर निवासी अस्पताल में भर्ती एक महिला ने राम लला के लिए अपने सोने के गहने दान की ईच्छा जाहिर की। बाद में, उसकी मृत्यु होने पर उसके पति व परिजन ने विहिप पदाधिकारियों को सूचना देकर गहने दिए।

फैक्ट फाइल
- 221 करोड़ की धनराशि जोधुपर से
- 30 दिन में जुटाई राशि
- 557 करोड़ से अधिक राशि राजस्थान से
- 8200 गांवों से राशि संग्रहण, जोधपुर प्रांत से
- 80 प्रतिशत से अधिक गांवों तक पहुंचे कार्यकर्ता
- 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता लगे संग्रहण में

वर्जन
संघ की योजनानुसार व साधु-संतों की प्रेरणा से निधि संग्रहण कार्य किया गया। जोधपुर से एक माह के समय में लक्ष्य से अधिक करीब 221 करोड़ रुपए की राशि जुटाकर राम लला के लिए भेजी गई। जो देशभर में पहले स्थान पर रहा। वहीं, राज्यों के हिसाब से भी सबसे अधिक राशि राजस्थान से ही भेजी गई।
- महेन्द्रसिंह राजपुरोहित, प्रांत अभियान प्रमुख निधि समर्पण, विहिप

Published on:
15 Jan 2024 09:10 am