
जोधपुर . कमला नेहरू नगर में नेत्रहीन विद्यालय के पास स्थित किराणा व्यवसायी के मकान के ताले तोड़कर सिर्फ तेरह मिनट में दस लाख रुपए व नब्बे तोला सोना चुराने वाले तीन में से दो युवक मंगलवार रात ढाई घंटे तक मुख्य गेट के बाहर खड़े रहे, लेकिन आस-पड़ोस के अलावा वहां से निकलने वाले किसी भी व्यक्ति ने उन्हें टोका तक नहीं। रात आठ-साढ़े आठ बजे से रात ११.१३ बजे तक चोर बेखौफ टहलते रहे। मकान के एक तरफ निजी विद्यालय है, जो रात को बंद हो जाता है। जबकि दूसरी तरफ सामने मकान हैं, लेकिन किसी भी पड़ोसी ने उन्हें टोकना मुनासिब नहीं समझा। यदि कोई भी व्यक्ति थोड़ी सी सजगता दिखाता तो चोरों को ढाई घंटे तक वहां खड़े रहने के बाद चालीस लाख रुपए का सामान चोरी करना मुश्किल हो जाता। सभी लोग इस बात से हैरान हैं कि अपनायत के शहर जोधपुर में अब यह माहौल हो गया है कि लोगों को अपने आस पड़ौस के बारे में जरा भी चिंता नहीं रह गई है।
सुनियोजित साजिश के तहत आए थे तीनों चोर
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों युवक सुनियोजित साजिश के तहत आए थे। उन्हें पहले से पता था कि रात को व्यवसायी व घरवाले शादी में जाएंगे और दो-तीन घंटे मकान सूनसान रहेगा। उन्होंने घर की सभी लाइटें चालू अवश्य की, लेकिन चोरी सिर्फ एक ही कमरे में कर पाए थे। घरवालों के पहुंचने से पन्द्रह-बीस मिनट पहले चोर निकल गए थे। उन्हें आभास हो गया था कि घरवाले पहुंचने वाले हैं।
पुलिस का दावा, स्थानीय हो सकते हैं चोर
सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) स्वाति शर्मा ने बताया कि प्रकरण में चोरों के सुराग मिले हैं। वारदात को अंजाम देने वाले चोर बाहर के न होकर स्थानीय होने की संभावना है। कुछ संदिग्धों से जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही कामयाबी मिलने की उम्मीद जताई है। पुराने नकबजनों से पूछताछ की जा रही है।