
Bराष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर तेज रफ्तार वाहनों का खतरा, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा इंतजाम की मांगB
बालोतरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर स्थित खेड़ गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर नहीं होने से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय से करीब 30 फीट की दूरी से गुजर रहे हाईवे पर दिनभर तेज गति से वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में विद्यालय की छुट्टी के समय बच्चों को सड़क पार करने में रोजाना खतरे का सामना करना पड़ता है।
-
छुट्टी के समय बढ़ जाती चिंता
देवाराम बंजारा ने कहा कि विद्यालय के सामने यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पार कर अपने घरों की ओर जाते हैं। उनकी सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय के शिक्षक स्वयं सड़क पर खड़े होकर बच्चों को सुरक्षित पार करवाते हैं। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों के कारण अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। चैनाराम प्रजापत का कहना है कि विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से छुट्टी के समय स्थिति अधिक संवेदनशील हो जाती है। उनका मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर बनाकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
-
Bसमय रहते कदम उठाने की मांगB
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय एहतियाती कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर बनने से वाहनों की गति नियंत्रित होगी और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। ग्रामीण लुंबाराम हुड्डा ने कहा कि विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर बनना बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। छुट्टी के समय तेज रफ्तार वाहन सबसे बड़ा खतरा बने हुए हैं। वैसे शिक्षक बच्चों को सड़क पार करवाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान स्पीड ब्रेकर ही है। वहीं गेनाराम चौधरी व गोविंदराम लोहार ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार किए बिना तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।