
अरविन्दसिंह राजपुरोहित
बासनी(जोधपुर). वर्तमान में बढ़ते अपराधों को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में पिछले तीन वर्षों से फॉरेंसिक विभाग में प्रवेश के लिए विद्यार्थी उत्साह नहीं दिखा रहे हैं। कॉलेज में निर्धारित तीन सीटों पर भी मुश्किल से दो सीटों पर ही अभ्यर्थी प्रवेश ले रहे हैं। अपराधिक मामलों में फॉरेंसिक रिपोर्ट से ही घटना के पीछे का सच सामने आ पाता है। ऐसे में सवाल उठता है की अगर विद्यार्थी की विभाग के प्रति रुचि नहीं रही तो अपराधिक घटनाओं के पीछे के गुनहगार को कौन सामने लाएगा?
कैसे होगा खुलासा
फॉरेंसिक मेडिसन विभाग की ओर से पुलिस की ओर से मारपीट व इससे संबधित मामलों में लाए गए व्यक्ति की जांच कर मेडिकल रिपोर्ट तैयार की जाती है। इससे यह पता लगाया जाता है की शिकायतकर्ता को कितनी चोट लगी है। यह रिपोर्ट कोर्ट में अपराधी को सजा दिलवाने में महत्वपूर्ण कड़ी होता है। इसके अलावा विभाग की ओर से शव का पोस्टमार्टम कर मौत के पीछे के कारणों का पता लगाया जाता है।
महिने में सैकड़ों रिपोर्ट
मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन एमजीएच व एमडीएमएच को मिलाकर 10 से 15 एमएलसी रिपोर्ट तैयार की जाती है। वहीं 5 से 6 शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। महिने में यह आंकड़ा लगभग 400 के करीब होता है, वहीं पोस्टमार्टम का आंकड़ा 150 से 200 तक पहुंच जाता है।
इसलिए कम हो रहे विद्यार्थी
सीटें खाली रहने का कारण यह भी है की फॉरेंसिक विभाग के चिकित्सकों के साथ मारपीट की घटनाओं से लगाकर बड़ी घटना में जांच कर तैयार की जाने वाली रिपोर्ट को लेकर कोर्ट में पेश होना पड़ता है। विभाग के चिकित्सक की रिपोर्ट ही अपराधी को सजा दिलवाने में अहम साबित हो पाती है। कोर्ट के इन्हीं झंझटों से घबराकर भावी चिकित्सक विभाग से किनारा रहे हैं।
कॉंन्फे्रसिंग की मिले सुविधा
विभाग के चिकित्सकों को घटना के वक्त एकत्र नमूनों की रिपोर्ट लेकर बार-बार कोर्ट में पेश होने के बजाय अगर वीडियो कॉंन्फे्रसिंग सुविधा उपलब्ध करवाई जाए तो डाक्टरों को कोर्ट में उपस्थित नहीं होना पड़ेगा।
कानूनी उलझनों में नहीं पडऩा चाहते विद्यार्थी
फॉरेंसिक विभाग के चिकित्सक को पुलिस केस में मेडिकल रिपोर्ट को कोर्ट में पेश करना पड़ता है। ऐसे में कानूनी उलझनों के चक्कर में विद्यार्थी विभाग में रुचि कम दिखा रहे हैं। ऐसे में सरकार को इसके लिए कुछ कदम उठाने चाहिए।
डॉ. पीसी व्यास, फॉरेंसिंक विभागाध्यक्ष, जोधपुर