गांव के सभी 458 परिवारों की हुई आरपीएलआई
जोधपुर . डाक विभाग ने जिले के शिकारपुरा गांव के सभी 458 परिवारों को ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी (आरपीएलआई) जारी कर इसे प्रदेश का पहला संपूर्ण बीमित गांव घोषित किया है। गांव में अब सभी परिवारों के पास कम से कम एक बीमा पॉलिसी है। संपूर्ण बीमा ग्राम योजना को पिछले महीने संचार मंत्रालय ने शुरू किया था। इससे पहले शिकारपुरा सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम भी बन चुका है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाक सेवाएं निदेशक कृष्णकुमार यादव ने कहा कि योजना में प्रत्येक जिले में कम से कम सौ परिवारों वाले एक गांव का चयन कर हर परिवार के एक व्यक्ति को आरपीएलआई के अंतर्गत लाया जाएगा। आरपीएलआई 1995 में शुरू की गई थी। इधर, पीएलआई योजना का दायरा बढ़ाकर सरकारी के साथ अब निजी कम्पनी और आम लोगों को भी कवर किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया और उन्होंने इसमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा भी लिया। लोगों में इससे जुडऩे का खासा उत्साह रहा और उन्होंने अपना समर्थन भी दिया। ग्रामवासी अन्य योजनाओं के लिए भी आगे आने की तैयारी में है।
मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक बीआर सुथार ने कहा कि लोगों की आयु और आवश्यकता के हिसाब से आरपीएलआई की ग्राम संतोष, ग्राम सुमंगल, ग्राम सुरक्षा, ग्राम सुविधा, ग्राम प्रिया योजनाएं हैं। इनमें 10 हजार से लेकर 10 लाख तक का बीमा होता है। निवेश सुरक्षा पर सरकार की गांरटी, आयकर में छूट, कम प्रीमियम व अधिक बोनस, पॉलिसी पर लोन की सुविधा, ऑनलाइन प्रीमियम जमा कराने की सुविधा और अग्रिम प्रीमियम पर छूट दी जाती है।
एक नजर : जोधपुर में डाकघर बीमा
- ७९२००० कुल पॉलिसी हैं जोधपुर रीजन में
- ७८०६७ पॉलिसी डाक जीवन बीमा की
- ७१३९३३ पॉलिसी ग्रामीण डाक जीवन बीमा की
- ५२४८ पॉलिसी बनी इस वित्तीय वर्ष में
- १५७८८००००० रुपए का बीमा हुआ इस साल
- ५४९००००० रुपए का नया प्रीमियम अर्जित हुआ इस साल