अभिनेत्री प्रीति जिंटा मुम्बई से मिलने पहुंची तो जोधपुर में मौजूद बहन अलवीरा, अर्पिता व बॉडीगार्ड शेरा मिलने जेल गए।
जोधपुर। फिल्म अभिनेता सलमान खान की गुरुवार रात बेचैनी से निकली। आधी रात तक सलमान सो नहीं पाए। आधी रात बाद पंखे के नीचे कम्बल बिछाकर सलमान सो गए। सलमान सुबह सात बजे जगे।
इसके बाद जेल में मीठे दलिए का नाश्ता किया। हालांकि सलमान दिनभर बेचैन दिखे। अभिनेत्री प्रीति जिंटा मुम्बई से मिलने पहुंची तो जोधपुर में मौजूद बहन अलवीरा, अर्पिता व बॉडीगार्ड शेरा मिलने जेल गए। जेल के बाहर दिनभर सलमान के प्रशसंकों की भीड़ रही। कई बार पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा।
बहन बोली- सब्र रखो, जल्द ही सब ठीक होगा
सुबह करीब साढ़े दस बजे बहन अलवीरा व अर्पिता जेल में सलमान से मिलने आई। दोपहर 12 बजे प्रीति जिंटा सलमान से मिलने पहुंची। बॉडीगार्ड शेरा सलमान के लिए बाहर से नाश्ता लेकर आया, लेकिन जेल प्रशासन ने नाश्ता बाहर ही रखवा दिया। जेल में ही सलमान ने दोपहर में खाना खाया।
बहन अलवीरा ने सलमान से मुलाकात के दौरान कहा- 'सब्र रखो सल्लू, सब ठीक होगा, जल्द ही आप बाहर आ जाआेगे, हम सब इसमें जुटे हुए हैं, शनिवार या सोमवार तक सब अच्छा हो जाएगा, चिंता मत करो' इस पर सलमान ने जवाब दिया कि 'मैं ठीक हूं, मेरी चिंता मत करो, वकील के टच में रहो, मुझे कोई तकलीफ नहीं है'। सलमान का स्वास्थ्य ठीक है। जेल में ही सलमान ने चाय पी।
सलमान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51 के तहत दो काले हिरण के शिकार का आरोप प्रमाणित मानते हुए सजा सुनाई गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिला के पीठासीन अधिकारी देवकुमार खत्री ने इसी मामले में आरोपी सह अभियुक्त अभिनेता सैफअली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम एवं स्थानीय नागरिक दुष्यंत सिंह को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
फैसले के तुरंत बाद सलमान को न्यायालय में न्यायिक हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। इधर, सजा सुनाए जाने के बाद सलमान के अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत ने जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश रविंद्र जोशी की अदालत में सजा स्थगन की अपील पेश कर दी। अब सलमान की जमानत का फैसला शनिवार को आ सकता है।