
बालोतरा/समदड़ी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए बड़े-बड़े अभियान चलाने की जरूरत नहीं, कभी-कभी रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-सी पहल भी समाज के लिए मिसाल बन जाती है। बालोतरा जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लालिया, समदड़ी की शिक्षिका ज्योति शर्मा इसका उदाहरण हैं। वे प्रतिदिन 15 किलोमीटर दूर से साइकिल चलाकर विद्यालय पहुंचती हैं। उनका यह सफर केवल स्कूल तक पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि प्रदूषण मुक्त जीवन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी है। साइकिल के जरिए वे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा दे रही हैं।
ज्योति शर्मा का प्रकृति प्रेम केवल साइकिल चलाने तक सीमित नहीं है। वे अपने जन्मदिन को भी अनूठे अंदाज में मनाती हैं। जहां आमतौर पर जन्मदिन पर केक काटकर और कैंडल जलाकर खुशियां मनाई जाती हैं, वहीं ज्योति पौधरोपण कर प्रकृति को उपहार देती हैं। वे पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल को अपने संकल्प का हिस्सा मानती हैं। पौधे को बड़ा होने तक संभालना उनकी पहल का अहम हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को भी इस मुहिम से जोड़ा है। प्रत्येक बच्चे को एक-एक पौधे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यार्थी अपने पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संभालते हैं। उन्हें पानी देना, देखभाल करना और सुरक्षित रखना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन रहा है। इस तरह विद्यालय में पौधों के साथ बच्चों में जिम्मेदारी का भाव भी विकसित हो रहा है।
ज्योति शर्मा का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक पाठ बच्चों को प्रकृति के बीच रहकर ही सिखाया जा सकता है। जब बच्चा खुद पौधा लगाएगा और उसे बढ़ते हुए देखेगा, तभी उसे पेड़-पौधों का महत्व समझ आएगा। विद्यालय के संस्था प्रधान मदनलाल के मार्गदर्शन में इस पहल को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। ज्योति शर्मा का 15 किलोमीटर का साइकिल सफर, जन्मदिन पर पौधरोपण और विद्यार्थियों को पौधों का संरक्षक बनाना जैसी ये पहल बताती हैं कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने जीवन में छोटे बदलाव लाकर भी की जा सकती है। उनका संदेश है कि प्रकृति से प्रेम केवल शब्दों में नहीं, बल्कि रोजमर्रा के व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।