
भोपालगढ़. कार्यक्रम में भोपालगढ़ तालुका क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं नोडल अधिकारियों को आमंत्रित कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक अभियान का उद्देश्य एवं कानूनी जागरूकता संबंधी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत, इसके कारण उत्पन्न होने वाली सामाजिक समस्याओं तथा नाबालिगों से जुड़े अपराधों की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बच्चों को कानून, उनके अधिकारों, सुरक्षा और सही-गलत के बीच अंतर समझाने पर जोर दिया गया। साथ ही नाबालिगों से जुड़े यौन अपराधों और कम उम्र में लिए जाने वाले गलत फैसलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से विद्यालयों में विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी एवं जागरूकता प्रदान की जाएगी, ताकि बच्चे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझ सकें। इसके साथ ही उन्हें किसी भी अनुचित गतिविधि से बचने तथा जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेने के प्रति जागरूक किया जा सके। अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ नाबालिगों से जुड़े अपराधों की रोकथाम में भी सहयोग करना है। इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति भोपालगढ़ के रीडर राजेश लालर, पैनल अधिवक्ता महेंद्र भाटी सहित विद्यालयों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।