- दादी सास के निधन पर गांव जाने से सूना था मकान, वर्दी तक चुरा ले गए चोर
जोधपुर.
बनाड़थानान्तर्गतनांदड़ी के रूपनगर में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय की क्राइम ब्रांच में पदस्थापित महिला हेड कांस्टेबल के मकान के ताले तोड़कर हजारों रुपए व जेवर के साथ ही मोपेड व पुलिस की वर्दी चोरी कर ली गई। मोहल्ले में हर कुछ दिन बाद लगातार चोरियों से मोहल्लेवासियों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया है।
पुलिस के अनुसार नांदड़ी में रूपनगर निवासी संजू कंवर पत्नी सुरेन्द्रनाथ एसपी ग्रामीण की क्राइम ब्रांच में हेड कांस्टेबल है। दादी सास के निधन पर गत सात अगस्त को परिवार सहित गांव गए थे। पीछे मकान में कोई नहीं था। गत 11 अगस्त की रात घर लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए थे। अलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखे बीस हजार रुपए, लोहे के बक्से से 15 हजार रुपए और बच्चों के गुल्लक से करीब ढाई हजार रुपए गायब थे। चाेरों ने 15 तोला की दो जोड़ी पायजेब व 10-15 नोज पिन का पैकेट व पांच हजार रुपए की कृत्रिम ज्वैलरी भी चुरा ली।
वारदातस्थल के पास ही ब्यावर में पदस्थापित नायब तहसीलदार सुरेश गर्ग का मकान है। डेढ़-दो माह पहले इनके मकान से चोरों ने लाखों रुपए के जेवर व आभूषण चुराए थे। पीछे स्थित एक अन्य मकान से सोने के बीस तोला से अधिक जेवर चुरा लिए गए थे। मोहल्ले में कुछ और मकानों में भी चोरी की गई थी। हर कुछ दिन बाद चोर कोई ना कोई मकान को निशाना बनाते हैं। बच्चों की साइकिल तक सुरक्षित नहीं हैं। नायब तहसीलदार के मकान में चोरी के फुटेज व कलाल कॉलोनी के कुछ संदिग्धों के सुराग भी दिए गए थे, लेकिन बनाड़ थाना पुलिस अभी तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है।