जोधपुर

VIDEO : चोरी के मोबाइल बेचने के लिए इस चोर ने लिया ओएलएक्स का साथ, यूं हुआ गिरफ्तार

ओसियां में मोबाइल दुकान में चोरी का पर्दाफाश, एक अन्य की तलाश  
2 min read
• •
Updated: 2 Feb 2018, 10:45 AM IST
mobile theft accused arrested in jodhpur
Mobile theft accused arrested, mobile theft, theft in jodhpur, crime news of jodhpur, jodhpur news

जोधपुर . आधुनिक समय के साथ चोरी के तरीके भी आधुनिक होने लगे हैं। इस कड़ी में सामने आया चोरी का यह मामला आपको हैरान कर देगा। चोरी का माल बेचने के लिए चोर द्वारा ईजाद किए इस फॉर्मूले को जांच आप भी खा जाएंगे गच्चा। जिले के ओसियां कस्बे की मोबाइल दुकान का दरवाजा तोड़कर मोबाइल व अन्य सामान चुराने का पर्दाफाश कर ओसियां थाना पुलिस ने गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। उससे तीन ग्राम स्मैक जब्त होने पर एनडीपीएस एक्ट का मामला भी दर्ज किया गया है। आरोपी ने चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ओएलएक्स की वेबसाइट पर डाल दिए थे।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत ने बताया कि गत बारह जनवरी की रात ओसियां स्थित चामुण्डा मोबाइल शॉप के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरों ने हाथ साफ कर लिया था। इस मामले में ओसियां थाना व विशेष टीम ने गुरुवार को मथानिया थानान्तर्गत किरमसरिया गांव निवासी उम्मेदराम उर्फ अमृतलाल पुत्र जेठाराम जाट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। जिस पर उसे पहले मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वारदात में शामिल उसके एक साथी की भी पहचान कर ली गई है। जिसकी तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि आरोपियों ने राजासनी निवासी चेतनराम की ओसियां में दुकान के पीछे वाला दरवाजा तोड़ ३६ मोबाइल, पचास मोबाइल बैटरी, ५० मेमोरी कार्ड, ४० मोबाइल चार्जर व गल्ले से पन्द्रह सौ रुपए चुरा लिए थे।

फर्जी आईडी बनाकर इंटरनेट से बेचने का प्रयास


आरोपी उम्मेदराम व उसके साथी मोबाइल चुराने के बाद बेचने की फिराक में थे। इसके उन्होंने फर्जी आईडी बनाई और आेएलएक्स पर जानकारी डाल दी। साथ ही वे व्हॉट्सएप के जरिए मोबाइल खरीदने के इच्छुक लोगों से सम्पर्क करने लगे थे। सोशल मीडिया के जरिए मोबाइल बेचने के प्रयास का पता लगने पर पुलिस की विशेष टीम सक्रिय हुई और थाना प्रभारी नेमाराम की मदद से आरोपी उम्मेदराज को पकड़ लिया। कार्रवाई में विशेष टीम के अमानाराम, दमाराम, श्रवणकुमार, देवाराम, झूमरराम, चिमनाराम व वीरेन्द्र खदाव शामिल थे।

Published on: