जोधपुर

एफआइआर वापस लेने के लिए धमकाया, महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास

- परिवार व पंचों पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस लेने के लिए दबाव डालने और अपशब्द कहने का आरोप
less than 1 minute read
Apr 07, 2024
एफआइआर वापस लेने के लिए धमकाया, महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास
एफआइआर वापस लेने के लिए धमकाया, महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास

जोधपुर.
बनाड़ थानान्तर्गत जाजीवाल जाखड़ा गांव में एक महिला ने पीहर में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन समय रहते घरवालों ने उतारा और अस्पताल में भर्ती करवाया। महिला के पिता ने परिवार व समाज के पंचों पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस लेने के लिए दबाव डालने और अपशब्द करने से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया।
थानाधिकारी प्रेमदान ने बताया कि जाजीवाल जाखड़ा निवासी किरण पुत्री रूघाराम जाट का अपने पति रूपाराम से अनबन है। वह पीहर में रह रही है। इस बीच, उसने पीहर के आंगन में फंदा लगा लिया। घरवाले बाहर से आए तो उसे फंदे पर लटका पाया। उसे नीचे उतारा और तुरंत बनाड़ रोड पर निजी अस्पताल ले गए, जहां आइसीयू में भर्ती किया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। उसके पिता रूघाराम ने परिवार के घेवरराम, सायरराम, सोहनराम, ढगलाराम और समाज के पंच लालराम, दीपाराम, बाबूलाल, दीपाराम, हीराराम आदि के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई। आरोप है कि पुत्री का विवाह 2010 में गांव के रूपाराम के साथ हुआ था। 2 जून 2019 को गौना किया गया था। इसके बाद ससुराल वाले परेशान करने लग गए थे। तब पुत्री ने पति व अन्य के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश किया था। आरोप है कि परिवार व समाज के पंचों ने पुत्री किरण पर कोर्ट में जाकर यह एफआइआर वापस लेने के लिए दबाव बनाया था। उस पर समाज व परिवार के नाम कलंक होने और आत्महत्या करने के लिए उकसाया गया था। तब परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया था।

Published on:
07 Apr 2024 05:15 am