
बाइक से गिरे युवक के ऊपर से निकला ट्रक, मौत
जोधपुर . चौपासनी बाइपास पर चौखां गांव में गुरुवार शाम मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होने से सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आए ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। राजीव गांधी नगर थानाधिकारी लेखराज सियाग के अनुसार केरू निवासी पप्पूसिंह उर्फ करण सिंह (२५) पुत्र जब्बरसिंह राजपूत शाम करीब चार बजे मोटरसाइकिल पर शहर से गांव जा रहा था। बाइपास पर चौखां पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक के प्रयास में अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह नीचे गिर गया। तभी पीछे आ रहा पाइप से भरा ट्रक पप्पु सिंह के ऊपर से निकल गया। जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। कुछ दूर निकलने पर ट्रक चालक को हादसे का पता लगा। तब उसने ट्रक रोकी और ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को सूचित कर शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक जब्त की और मौके से फरार होने वाले चालक को हिरासत में लिया। मृतक के शव का संभवत: शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
----------
बजरी से भरे डम्पर ने बुलेट सवार की ली जान
सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद बजरी का अवैध खनन व परिवहन करने वाले डम्पर अब जानलेवा साबित होने लगे हैं। बजरी से भरे एक डम्पर ने पाली रोड पर मोगड़ा में होटल के सामने बुलेट को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पर सवार छात्रावास संचालक की मौत हो गई व उसका मित्र घायल हो गया। एएसआई अणदाराम ने बताया कि जालोर जिले में रानीवाड़ा थानान्तर्गत रतनपुर निवासी ईश्वर सिंह (२६) पुत्र मंगल सिंह राजपूत व उसका मित्र जालोर निवासी मनोहर सिंह सुबह नौ बजे बुलेट पर सवार होकर रोहट से आगे स्थित ओम बन्ना के स्थान दर्शन करने जा रहे थे। मोगड़ा में नागेणची होटल के सामने पहुंचने पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आए बजरी से भरे डम्पर ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। ईश्वर सिंह व मनोहर सिंह नीचे गिर गए। डम्पर ने ईश्वर को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि मनोहर सिंह घायल हो गया। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक पावटा में छात्रावास का संचालक है। उसकी पत्नी भी बालिका छात्रावास संचालित करती है।
बिना नम्बर का डम्पर, बजरी खाली करके भागा
उधर, हादसे के बाद बिना नम्बर के डम्पर को चालक भगा ले गया। उसने घटनास्थल से कुछ दूर जाने के बाद बजरी को खाली कर दिया और डम्पर को भगा ले गया। पुलिस ने होटल व आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से तलाश शुरू की है।
----------
पाइपलाइन में छेद कर पानी की चोरी
जलदाय विभाग की ओर से अवैध पेयजल कनेक्शन काटने के लिए चल रहे अभियान के तहत जिले की लूनी तहसील के डोली गांव में शुक्रवार को पेयजल लाइन में छेद कर पेयजल चोरी पकड़ी गई। झंवर थाने में पांच ग्रामीणों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। थानाधिकारी जब्बर सिंह ने बताया कि जलदाय विभाग के लूनी अनुभाग व उपखण्ड के कनिष्ठ अभियंता नरेन्द्र सिंह की रिपोर्ट पर डोली निवासी श्रवणराम पटेल, असलाराम पटेल, आदूराम, नारायणराम व डूंगरराम पटेल के खिलाफ पेयजल चोरी व सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि अवैध जल कनेक्शन की जांच के तहत बुधवार को कनिष्ठ अभियंता डोली पहुंचे, जहां उम्मेद सागर से डोली व लूणावास भाकरी जाने वाली ६०० एमएम डीआई पेयजल पाइप लाइन में छेद किए हुए थे। जिनके मार्फत आरोपी पेयजल चोरी कर रहे थे। जलदाय विभाग ने मौके से सामग्री जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
-----------
चेक अनादरण के मामले में आरोपी को एक वर्ष की सजा
विशिष्ट महानगर मजिस्ट्रेट संख्या तीन (एनआई एक्ट) के मजिस्ट्रेट इन्साफ खान ने चैक अनादरण के एक मामले में आरोपी प्रकाश मेघवाल को एक वर्ष की जेल तथा 1 लाख 23 हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई। मजिस्ट्रेट ने बचाव पक्ष के आग्रह के बावजूद आरोपी को परिवीक्षा का लाभ नहीं दिया गया। मामले के अनुसार रातानाडा निवासी परिवादी डॉ. मांगीलाल विश्नोई ने अपने अधिवक्ता भूपेंद्रसिंह राठौड़ के माध्यम से न्यायालय में परिवाद पेश कर बताया कि शिव मंदिर के पीछे रहने वाले प्रकाश मेघवाल को 95 हजार रुपए उधार दिए। आरोपी ने इसके भुगतान के लिए आईसीआईसीआई बैंक का एक चैक दिया, परंतु वह अनादरित गया।