जोधपुर

मोदी महासागर है, हम सब समा गए हैं

उमा भारती का झलका दर्द, राजनीति से संन्यास पर गोलमाल जवाब
2 min read
• •
Updated: 21 Jan 2018, 7:04 PM IST
uma bharati at jodhpur
uma bharati at jodhpur

जोधपुर . केंद्रीय मंत्रिमण्डल में कद घटने से परेशान केंद्रीय पेयजल व स्वच्छता मंत्री उमा भारती का दर्द रविवार को जोधपुर में पत्रकारों के सामने झलक पड़ा। उमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महासागर है। हम लोग बड़ी नदियां थी, जिनका तेज महासागर में समा गया है। उमा ने कहा कि वैसे भी नदी अंतिम छोर पर आकर महासागर में ही समाती है। इस पर पत्रकारों की ओर से उनके संन्यास का प्रश्न पूछने पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। उमा ने कहा कि अभी वह 60 साल की भी नहीं हुई है और राजनीति से संन्यास की उम्र 75 साल मानी जाती है। ऐसे में 17 साल अभी भी उनके खाते में पड़े हैं। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पिछले मंत्रिमण्डल विस्तार में उमा भारती से गंगा कायाकल्प मंत्रालय छीनकर सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को दे दिया गया था।

न उगलते बन रहा, न निगलते


उमा भारती से जब गंगा मंत्रालय छीने जाने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने पहले तो कहा कि गंगा मंत्रालय अधो संरचना और स्वच्छता दो भागों में था और स्वच्छता उनके पास ही है। थोड़ी देर बाद उन्होंने कहा कि मंत्रालय हटाया नहीं गया है। कुछ देर बाद उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना अब नितिन गडकरी के पास आ गई है। बार-बार बयान बदलने पर उमा ने कहा कि उनसे मंत्रालय छीना नहीं है, बल्कि काम का बंटवारा किया है। वह अभी भी गडकरी की टीम में जुड़ी हुई है।

दिल्ली का बंगला खाली किया

उमा भारती ने दिल्ली में अकबर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली कर दिया है। बंगला खाली करने का प्रश्न पूछने पर उमा असहज हो गई। उन्होंने कहा कि बंगले में दीमक लगी हुई है। पूरे अकबर रोड पर दीमक लगी है। अंग्रेजों के जमाने के बंगले हैं। साफ-सफाई के लिए खाली किया है। उमा ने भूरे-भूरे मन से नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलने और मध्यप्रदेश की राजनीति में सक्रिय होने के प्रश्न को उन्होंने लगभग टाल दिया। बार-बार पूछने पर उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में कहा कि ' मैं शिवराज की प्रशंसक हूं। उनमें बहुत धैर्य है। मैं उनसे प्रभावित हूं। उनको देखकर ऐसा सोचती हूं कि इतना धैर्य मेरे अंदर होना चाहिए।Ó (उमा को शिवराज के बारे में किसी मीडियाकर्मी ने प्रश्न नहीं पूछा था।)

भाजपा नेताओं को सूचना तक नहीं


उमा भारती ने भाजपा के स्थानीय नेताओं को इस यात्रा के बारे में सूचना नहीं दी इसलिए भाजपा के इक्का-दुक्का लोग ही उनसे मिलने पहुंचे। उमा ने कहा कि अगर वह सूचना देती तो अपने योग गुरु से नहीं मिल पाती। पद्मावत फिल्म की रिलीज के बारे में प्रश्न पूछने पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में वह केवल ट्विटर के जरिए ही जवाब देती है। उसमें कॉट अनकॉट भी हो जाता है।

चेहरे पर शिकन व आत्मविश्वास की कमी

दरअसल उमा भारती अजमेर में मेयो कॉलेज में अध्ययनरत अपनी भतीजी से मिलने आई थी। जोधपुर में ऋषिकेश निवासी उनके योग गुरु के होने की सूचना मिलने पर वह सुबह 6 बजे जोधपुर पहुंच गई और ढाई घण्टे तक गुरु ज्ञान लिया। थकान होने की वजह से उन्होंने तीन घण्टे सर्किट हाउस में विश्राम किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनके चेहरे पर शिकन, थकान और आत्मविश्वास की कमी नजर आ रही थी। हमेशा तेज-तर्रार रहने वाली उमा के स्वर भी आज बेहद धीमे थे।

Published on:
Also Read
View All