सिंगर रोहित व श्रेया के गानों पर लगे ठुमके
जोधपुर . पश्चिमी राजस्थान हस्तशिल्प उद्योग उत्सव के दौरान पांचवें दिन मंगलवार को बॉलीवुड म्यूजिकल नाइट में मुंबई से आए रोहित शर्मा आरकेएस और श्रेया शर्मा ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इंडियन आइडल और बॉलीवुड फेम रोहित शर्मा आरकेएस और श्रेया शर्मा ने सुरीली आवाज पर थिरकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने हिंदी, पंजाबी, सूफी और रोमांटिक गाने दिलकश आवाज में पेश किए। उनके साथ आरकेएस बैंड के सदस्यों ने गानों के साथ-साथ डांस भी प्रस्तुत किया। श्रेया ने तुम जो मिल गए हो..., शाम ए जहान..., रात बाकी..., झूम बराबर झूम..., तेरी दीवानी हूं..., सईंया वे..., लैला मैं लैला..., हरे कृष्णा-हरे रामा... आदि गाने खनकती आवाज में पेश किए। वहीं रोहित ने तेरे रश्के-कमर..., बेबी को बेस पसंद है..., तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी, तारे गिन गिन, चांद मेरा आदि गाने मधुर स्वर में पेश कर रंग जमाया।वहीं दोनों ने तूं चीज बड़ी है मस्त-मस्त..., ले के पहला-पहला प्यार ... सहित कई नए-पुराने पंजाबी, हिंदी, सूफी गानों की सामूहिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत में कलाकारों का जगतनारायण जोशी, मेघराज लोहिया, निर्मल गहलोत, महेंद्र पित्ती, नरपतसिंह राजपुरोहित, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के सचिव महेश पंवार, प्रदीप बेनीवाल, रामस्वरूप, विनोद आचार्य, दीपक सोनी व कौशल्या अग्रवाल आदि ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शांति माथुर ने किया।
--
११ देशों में १५ सौ से अधिक शो
इंडियन आइडल सीजन थ्री के टॉप फाइव में शामिल रहे जयपुर निवासी रोहित शर्मा ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि उन्होंने कैरियर की शुरुआत जोधपुर से ही की थी। वे सीजन के बाद से अब तक करीब ११ देशों में १५ सौ से अधिक लाइव शो कर चुके हैं। वहीं वर्ष २०१७ में जी म्यूजिक पर गाना दिया था.़.़ यार तेरा वीआईपी... जो काफी हिट रहा। इसी साल मेरी जान... और भाभी... वेडिंग सांग रिलीज होंगे। वहीं दिल्ली निवासी श्रेया शर्मा भी पिछले ४ साल से लाइव शो कर रही हैं। वह आरकेएस बैंड में मैन लीड पर हैं। दो महीने बाद श्रेया का एक एलबम रिलीज होगा।