
गौने के तीन माह बाद ही जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की महिला कांस्टेबल ने ओसियां थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमण्डी स्थित पीहर में पंखे के हुक से चुन्नी का फंदा लगा जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने कुछ वीडियो बनाए थे, जो वायरल हो गए। वीडियो में उसने एक अन्य युवक से प्रेम करने और परिवार पर दोनों को मिलने न देने के आरोप लगाए हैं। ओसियां एसडीएम गोपाल परिहार जांच कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार सिरमण्डी हाल भैंसेर कोतवाली निवासी कांस्टेबल सरोज (24) पत्नी पुखराज पुत्री सांवताराम मेघवाल सिरमण्डी स्थित पीहर के कमरे में फंदे से लटकी मिली थी। उसने बुधवार रात खुद को कमरे में बंद कर लिया था। भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। मृतका के भाई राजेंद्र की शिकायत पर मर्ग दर्ज किया गया है। अक्टूबर में हुई थी शादी पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और बाड़मेर में नौकरी करते हैं। वह खुद वर्ष 2015 बैच की सिपाही थी। अक्टूबर में उसका पुखराज से गौना हुआ था, लेकिन दो दिन ससुराल में रहने के बाद वह पीहर आ गई थी।
भाई ने अपहरण की कराई थी एफआईआर
कांस्टेबल सरोज व भदवासिया में रविदासनगर निवासी हेमंत एक-दूसरे से प्रेम करते थे। घर वालों ने सरोज की शादी दूसरी जगह करवा दी। गौने के एक महीने बाद ही सरोज व हेमंत घर से भाग गए थे। हैड कांस्टेबल भाई ने हेमंत के खिलाफ बहन सरोज को भगा ले जाने का मामला रातानाडा थाने में दर्ज कराया था। घर वालों ने सरोज को जयपुर से ढूंढ निकाला था। पुलिस के अनुसार मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज सीआरपीसी की धारा 164 के बयान में सरोज ने मर्जी से हेमंत के साथ जाने की जानकारी दी थी। ऐसे में एफआर लगा दी गई थी।
वीडियो में आरोप आत्महत्या के बाद सरोज के चार वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें सरोज का कहना है कि वह हेमंत से प्यार करती है, लेकिन परिवार के लोग एक नहीं होने दे रहे। हेमंत के खिलाफ जबरन एफआईआर दर्ज कराई गई। भाई ने हेमंत का गला दबा जान से मारने का प्रयास किया था। चाचा पुखाराम व भाई शिवलाल एफआईआर दर्ज कराने के लिए उससे हेमंत के खिलाफ गलत संदेश भेजने व गालियां देने की जबरन रिपोर्ट लिखवाई थी। उसे कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी हेमंत नहीं, बल्कि परिवार वालों की होगी। ये वीडियो दो नवम्बर को बनाए और फिर हेमंत को भी भेजे थे।
सरोज की मौत पर संदेह : हेमंत
उधर, महिला कांस्टेबल का प्रेमी हेमंत ने जयपुर में पत्रकारों के सामने पीड़ा रखी। उसने कहा कि वह सरोज से प्यार करता था और शादी करना चाहता था, लेकिन सरोज के घरवाले इसके खिलाफ थे। सरोज को घरवालों से डर था। वह सुरक्षा चाहती थी, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। उसे संदेह है कि सरोज ने आत्महत्या नहीं की है। उसे मारकर फंदे पर लटकाया गया है। जिसकी जांच की जानी चाहिए। वह सरोज को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेगा। सरोज का उप निरीक्षक चाचा उसका पड़ोसी है। उसके यहां आने-जाने पर उसकी सरोज से मित्रता हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत
पुलिस का कहना है कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद चिकित्सकों ने सरोज की मौत फंदा लगने से होना बताया है। हालांकि एफएसएल जांच के लिए विसरा भी प्रिजर्व किए गए हैं। एसडीएम के अलावा पुलिस भी जांच कर रही है।
दबाव में टूटने लगी हैं महिला सिपाही
पुलिस महकमे में भर्ती होने वालों को शारीरिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी मजबूत माना जाता है। इनका प्रशिक्षण ऐसा होता है कि वे हर दबाव व परिस्थिति में ढल सकें, लेकिन अब पुलिस की महिला सिपाहियों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। विगत 30 सितम्बर 2015 को मण्डोर थाना क्षेत्र में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की कांस्टेबल शोभा चौधरी ने खुदकुशी की थी। तब पति व ससुराल पक्ष के साथ ही आठ जनों के खिलाफ मण्डोर थाने में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने सिर्फ एक कांस्टेबल के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया है।