
जोधपुर . महिला दलाल के झांसे में आकर रुपए देकर दो युवतियों से शादी कर खुद के साथ ठगी होने का अंदेशा जताते हुए एक युवक रविवार को महामंदिर थाने पहुंचा। उसने महिला दलाल व युवती के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी है, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
महामंदिर थाना पुलिस के अनुसार जाखड़ निवासी ओमाराम पुत्र घमडाराम जाट ने रिपोर्ट दी कि गत दिनों उसका सम्पर्क पूनासर निवासी शांति देवी से हुआ। शांति देवी ने उसकी शादी करवाने का झांसा दिया और उससे एक लाख रुपए मांगे। उसने 96 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद मुरादाबाद निवासी रीना नाम की युवती से उसकी शादी करवाई। जब वह शादी कर युवती के साथ वापस आ रहा था तो दिल्ली में युवती रीना किसी काम का कहकर वहां से चली गई। यहां आकर ओमाराम ने वापस शांति देवी से सम्पर्क कर शिकायत की। इस पर शांति देवी ने पुन: उसे झांसा दिया कि दूसरी युवती से उसकी शादी करवा देगी। इस पर वह वापस मेरठ गया। वहां शांतिदेवी के मार्फत कमलकांत गुप्ता नाम के एक दलाल को 50 हजार रुपए दिए। उसकी शादी कविता नाम की युवती से करवाई। वह कविता के साथ जोधपुर आ गया। लेकिन उसे शक हुआ कि कविता के पहचान दस्तावेज झूठे हैं, इस पर इसकी जांच की तो वे सहीं नहीं पाए गए। युवक की रिपोर्ट पुलिस ने दे ली है, फिलहाल इसे जांच में रखा गया है। पुलिस शांति देवी, ओमाराम व कविता से पूछताछ कर रही है।
जोधपुर महामंदिर थाना पुलिस ने इस रिपोर्ट के संबंध में उच्च अधिकारियों को मार्गदर्शन लेगी। इसके बाद मुकदमा दर्ज करेगी। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया तो पुलिस का एक दल मुरादाबाद भी भेजा सकता है। फिलहाल थाने में युवती, दलाल के बयान लिए जा रहे हैं। पीडि़त युवक अपने वकील के साथ थाने पहुंचा।