जोधपुर

मारवाड़: कोहरे में लिपटकर आई सर्दी, माउंट में पारा 6 डिग्री, कई शहरों में दिन में पहली बार महसूस हुई ठंड

जोधपुर, जैसलमेर व बाड़मेर में दिन में पहली बार महसूस हुई ठण्ड  
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2017, 9:55 AM IST
winters knocked at marwar region of Rajasthan
winters knocked at marwar region of Rajasthan

देश के उत्तरी हिस्सों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सर्दी ने आखिर थार में दस्तक दे दी। बुधवार को जोधपुर , जैसलमेर और बाड़मेर के अधिकांश हिस्सों में कोहरा छाया रहा। प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में कड़ाके की ठण्ड रही। वहां रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले एक दो दिन तक बादलों की आवाजाही बने रहने और कोहरे का पूर्वानुमान जताया है। बादल छंटने के साथ रात का पारा तेजी से नीचे आएगा।

जोधपुर में सुबह का पारा 17.2 डिग्री था, लेकिन ठण्डी हवा चलने से ठिठुरन का एहसास हो रहा था। हवा में नमी का स्तर 68 फीसदी होने की वजह से ठण्ड का एहसास अधिक हो रहा था। दोपहर में तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

सरहद पर सर्दी

जैसलमेर और बाड़मेर सहित सरहदी इलाकों में भी तेज सर्दी रही। जैसलमेर में रात का पारा 14.4 डिग्री तक गिर गया। बाड़मेर में यह 16.7 डिग्री पर आ गया। सरहद के पास रेतीले इलाकों में जवानों को ऊनी कपड़े पहनकर ड्यूटी करनी पड़ी।

मौसम तंत्र में अचानक आए बदलाव के चलते शहर के मथानिया क्षेत्र में बुधवार को कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था बाधित रही। दोपहर को धूप निकलने से मौसम साफ हुआ। बादलों की आवाजाही के साथ ही समूचे इलाके में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है।

एक दिन पहले भी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जोधपुर और आस-पास के इलाकों में मंगलवार रात से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और सुबह पूरा शहर कोहरे के आगोश में नजर आया। बादल छाए रहने से सूरज के प्रकोप में नरमी आ गई और दिन का तापमान लुढ़ककर तीस डिग्री पास आ गया। इससे दिन में हल्की सर्दी का मौसम रहा। मंगलवार रात जैसलमेर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रात का तापमान 7.4 डिग्री पर पहुंचने से वहां लोगों को जैकेट व स्वेटर पहनने पड़े।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक बादलों का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान करीब ढाई डिग्री उछलकर 17.7 डिग्री पर आ गया। बादलों की आवाजाही से धूप हल्की रही। दिन में हल्की ठण्ड का अहसास हो रहा था। पंखे बंद करने पड़े। रात अपेक्षाकृत रूप से ठण्डी रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों और खुले इलाकों में मौसम अधिक ठण्डा रहा। जैसलमेर और बाड़मेर में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली।

Published on: