
जोधपुर। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर विहिप के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कोकजे ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अयोध्या में राममंदिर पर सितम्बर अंत तक फैसला आने की उम्मीद है। बोले-हमारे वकीलों ने हमें यही बताया है। जिन्ना की फोटो पर विवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भारत के विभाजन का दोषी है, जो द्वि-राष्ट्रवाद का सिद्धांत मानता था, उसे हम कैसे हीरो मान सकते हैं। अगर कोई मानता है तो यह उसकी सोच है। यह ऐसा देश है जहां रावण की भी पूजा करने वाले लोग मिल जाएंगे। लेकिन ऐसे लोग कितने हैं? और उनकी कौन सुनेगा? शशि थरूर के बयान पर बोले कि पाकिस्तान का शाब्दिक अर्थ होता है पवित्र स्थान। हिंदुस्तान क्या पवित्र स्थान नहीं है? हमारे लिए तो वो पवित्र स्थान है।
वर्तमान सरकार हिंदुत्व की चिंता करने वाली
वर्तमान सरकार पर कोकजे ने कहा कि सबसे ज्यादा हिंदुत्व की चिंता करने वाली यही सरकार है। किसी दूसरी सरकार ने ऐसा किया हो तो हमें बता दो। इस सरकार ने संकल्प तो लिए। हिंदुओं को भगवा आतंकवादी तो नहीं बताया। विहिप जैसी दूसरी संस्था बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारा कोई एकाधिकार तो है नहीं, हिंदू धर्म के लिए काम करने को सभी स्वतंत्र है। दूसरी संस्था बनाकर काम करेंगे तो उनका स्वागत है। इस बात के लिए व्यर्थ में समय गंवाने से कोई मतलब नहीं है। कोकजे शनिवार को यहां भगवान जगन्नाथ यात्रा में शामिल होने के अलावा माहेश्वरी जनपयोगी भवन रातानाडा में हिन्दू कानून और समाज विषयक संगोष्ठी में भाग लेंगे। वे रविवार सुबह साढ़े नौ बजे कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मन्दिर (केशव परिसर) में प्रान्तीय बैठक में भी शिरकत करेंगे।
कौन है वीएस कोकजे
गौरतलब है कि रिटायर्ड जस्टिस विष्णु सदाशिव कोकजे जुलाई 1990 से 1995 तक मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जज रह चुके हैं। इसके अलावा 1995 से साल 2001 तक राजस्थान हाईकोर्ट में भी जज रह चुके हैं। साल 2001-2002 में वो 11 महीनों तक राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस भी रहे हैं। रिटायर होने के बाद कोकजे वाजपेयी सरकार में हिमाचल प्रदेश के गवर्नर बनाए गए थे। वे 8 मई 2003 से 19 जुलाई 2008 तक इस पद पर बने रहे। साल 2014 में इन्हें वीएचपी का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया था। वीएस कोकजे भारत विकास परिषद के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कोकजे मध्य प्रदेश के धार जिले के रहने वाले हैं। वे चुनाव के बाद अप्रेल में विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।