जोधपुर

IMD Heavy Rain Alert: आखिरकार एक्शन मोड में आया मानसून, आज यहां होगी भारी बारिश, रहें सावधान

मौसम विभाग ने आज बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ और कोटा में भारी बारिश (IMD Heavy Rain Alert) की चेतावनी जारी की है
2 min read
• •
Updated: 21 Aug 2023, 9:42 AM IST
imd_heavy_rain_alert3.jpg

जोधपुर। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रीय हो गया है। रविवार को राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। बारिश का यह दौर सोमवार को भी जारी रहेगा और कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ और कोटा में भारी बारिश (IMD Heavy Rain Alert) की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, करौली, प्रतापगढ़, राजसमंद और सवाईमाधोपुर में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है।


जोधपुर शहर की बात करें तो यहां रविवार को 22 दिन बाद मानसून की मुस्कुराहट लौटी। शाम को मंडोर से शुरू हुआ बरसात का सिलसिला शहर तक पहुंचा। करीब बीस मिनट तक तेज बारिश और उसके बाद हल्की बरसात से सड़कों पर एकबारगी बाळा आ गया। महामंदिर और मंडोर के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। रात 8.30 बजे तक 11.9 मिलीमीटर पानी बरस गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिन मानसून की सक्रियता बनी हुई है।


सूर्यनगरी में अंतिम बार 28 जुलाई की रात को बारिश हुई थी। अगस्त महीने में यह पहली बरसात हुई। दरअसल मानसून की ट्रफ लाइन (कम दबाव का क्षेत्र) बीते एक पखवाड़े से हिमालय की तलहटी की तरफ शिफ्ट हो रखी थी। मानसून वापस सक्रिय होने से ट्रफ लाइन सामान्य अवस्था में आकर प्रदेश के ऊपर आ गई है और इसी के साथ मानूसन का ब्रेक कुछ खत्म हुआ है। बीते दो-तीन दिन से शहर में उमस बढ़ गई थी। रविवार को दोपहर में कई दिनों बाद अधिकतम तापमान 35 डिग्री को पार कर गया। ऐसे में बरसात की उम्मीद बंधी और शाम होत होते आसमां में बरसाती बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। शाम साढ़े सात बजे बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर में तेज बौछारों में बदल गई।

तेज बरसात से सड़कों पर कई जगह पानी भर गया। दुपहिया वाहन चालक भीगते-भीगते गंतव्य स्थलों पर पहुंचे। कुछ देर के लिए ही सही लेकिन तेज बारिश में कुछ शहरवासियों ने नहाने का भी लुत्फ उठाया। वहीं मथानिया कस्बे सहित क्षेत्र के कई गांवों में लंबे इंतजार के बाद रविवार को कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश होने से खरीफ की फसलों को जीवनदान मिला है। रविवार शाम कस्बे समेत क्षेत्र कई गांवों में बारिश का दौर शुरू हुआ। नेवरा रोड, किरसरिया, उम्मेद नगर, चौपासनी चारणान गांवों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हुई।

Published on: