- पति व ससुराल पक्ष पर एफआइआर दर्ज, गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन ने जताया विरोध
जोधपुर.
शादी के चार साल बाद ही एक महिला ने माता का थान थानान्तर्गत मदेरणा कॉलोनी स्थित मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पीहर पक्ष ने पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज के लिए तंग और प्रताडि़त करने व दहेज हत्या का आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया। गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिनभर गतिरोध के बाद शाम को बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
थानाधिकारी भंवरसिंह जाखड़ ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी निवासी ममता 30 पत्नी वासुदेव गौड़ की संदिग्ध हालात में मृत्यु हुई है। उसने सोमवार रात ससुराल में कमरा बंद कर फंदा लगा लिया। दरवाजा खोलकर ससुराल वाले कमरे में घुसे, जहां ममता फंदे पर लटकी नजर आई। पीहर वाले भी मौके पर पहुंचे। फंदा काटकर ममता को नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच के बाद शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
नांदड़ी निवासी मृतका के भाई हनुमानराम ने ममता के पति वासुदेव, सास, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज के लिए तंग व प्रताडि़त और दहेज हत्या करने का आरोप लगाकर एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस ने शाम को बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस का कहना है कि ममता की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। पति ओडीशा में निजी कम्पनी में कार्यरत है। उसे ढाई साल का पुत्र भी है। पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताडि़त करने लग गए थे।
उधर, महिला की मौत का पता लगने पर पीहर पक्ष के साथ ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी व समाज के लोग मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। तब तक शव न लेने पर अड़ गए। शाम को समझाइश के बाद पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुए।