
महिला को ट्रेलर ने कुचला, मौत
बासनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सांगरिया बाइपास ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मोपेड सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पुत्र के मामूली चोटें आईं। शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। उप निरीक्षक बिशनसिंह के अनुसार मूलत: बाड़मेर जिले में गेहू हाल सांगरिया फांटा निवासी निर्मलादेवी (४२) पत्नी किशनलाल व्यास अपने पुत्र पंकज (२२) के साथ मोपेड में पेट्रोल भरवाने के लिए सांगरिया ओवरब्रिज के पास स्थित पेट्रोल पंप जा रही थी। पंकज मोपेड चला रहा था कि शाम करीब ४.३० बजे सांगरिया ओवरब्रिज पहुंचने पर पीछे से तेज रफ्तार व लापरवाही से आए ट्रेलर ने मोपेड को चपेट में ले लिया। महिला नीचे गिर गई और ट्रेलर का टायर उसके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ड्राइवर ट्रेलर भगा ले गया और ओवरब्रिज पर जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव मोर्चरी भिजवाया। ट्रेलर की चपेट में आने से दूर गिरने परे पंकज सुरक्षित बच गया। बाड़मेर से उसके पिता के जोधपुर पहुंचने पर मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ट्रेलर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किशनलाल व्यास बाड़मेर में दुकान चलाते हैं। सांगरिया में भोमियाजी का थान क्षेत्र में मकान का बनाने का काम चल रहा है, इस वजह से पत्नी और बच्चे सांगरिया फांटा में किराये के मकान में रह रहे थे।
----------
पत्नी पीहर गई, पीछे पति ने फंदा लगाया
सूरसागर थानान्तर्गत राजबाग मेघवाल बस्ती में एक युवक ने पंखे के हुक पर फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार मेघवाल बस्ती निवासी देवेन्द्र (२८) पुत्र धन्नाराम मेघवाल पत्नी के साथ पिता से अलग था। उसका भाई कुलदीप उसके मकान पर गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद उसने दरवाजा नहीं खोला तो वो पड़ोसी की छत से मकान में पहुंचा तो देवेन्द्र को फंदे पर लटका पाया। उसकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मृतक मजदूरी करता था और उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। कुलदीप की शिकायत पर मर्ग दर्ज किया गया है।
----------
नाकाबंदी तोड़ भाग रहे वाहन से पुलिस पर फायरिंग
जिले के ओसियां थानान्तर्गत तापू गांव में नाकाबंदी तोड़ भाग रही बोलेरो कैम्पर का पीछा करने पर उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर तीन राउंड फायर किए। जवाब में पुलिस ने भी एक गोली चलाई और पीछा कर तापू गांव में घुसे तीन युवकों को गिरफ्तार किया। दो अन्य भाग निकले। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है। थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि सोमवार देर शाम गश्त के दौरान तापू गांव के पास काले शीशे की बोलेरो कैम्पर कंवरजी की खेजड़ी से हाणिया गांव की तरफ आने और उसमें हथियार होने की सूचना मिली। इस पर वहां नाकाबंदी की गई। तेज रफ्तार में आई बोलेरो कैम्पर को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। खेत की तारबंदी व खूंटे आदि तोड़कर जाने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया और नातेलाई नाडी की सरहद में पहुंचने पर बोलेरो में सवार बदमाशों ने पुलिस पर एक के बाद एक तीन गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी एक गोली चलाई। पुलिस ने पीछा कर बोलेरो को तापू गांव में रुकवा लिया। उसमें सवार जैसला निवासी रामचन्द्र विश्नोई, लोहावट निवासी शक्तिमान विश्नोई व सोमराज विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। गांव की गलियों से होकर जैसला निवासी राजू विश्नोई व लोहावट निवासी फरसाराम विश्नोई भाग निकले। रामचन्द्र के कब्जे से एक चाकू व बोलेरो से एक खाली कारतूस बरामद हुआ। फरार होने वाले आरोपी हथियार भी साथ ले गए। पुलिस ने जानलेवा हमला, राजकार्य में बाधा डालने व आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश करने पर दो-दो दिन के रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
----------
वृद्धा की स्वाइन फ्लू से मौत, ३ पॉजिटिव
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलोजी लैब ने मंगलवार को तीन नए मरीज पॉजिटिव आने की पुष्टि की है। इसी के साथ एमडीएम अस्पताल में भर्ती भोपालगढ़ निवासी ६८ वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। इस साल स्वाइन फ्लू से सातवीं मौत हैं। इसके अलावा एक बच्चा और एक महिला उम्मेद अस्पताल से व और एक पुरुष एमडीएम अस्पताल से पॉजिटिव आया हैं। इस दिन कुल १८ सैंपल लगे हैं। इस सीजन में अभी तक ३५ लोगों की मौत स्वाइन फ्लू से हो चुकी हंै। १७४ रोगी एच-१ एन-१ बीमारी के सामने आए हैं। वहीं साल २०१८ में कुल २२ नए मरीज सामने आ चुके हैं।
-----------
मारपीट कर रुपए लूटने का एक और आरोपी गिरफ्तार
महामंदिर थाना पुलिस ने पावटा स्थित खेतसिंह के बंगले के पास राह चलते व्यक्ति को रोक कर मारपीट करने के मामले में आठ महीने बाद एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि गत ६ जून की रात खेतसिंह के बंगले के पास खड़े पांच युवकों ने प्रकाश प्रजापत को रोक कर न सिर्फ मारपीट की थी, बल्कि जेब से दो-तीन हजार रुपए भी लूट लिए थे। इस मामले में सोमवार को मूलत: नागौर जिले में दीनादारपुरा हाल जसवंत छात्रावास निवासी दीपेंद्रसिंह (२४) पुत्र रूघनाथसिंह को गिरफ्तार किया, उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश करने पर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। वारदात के आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आठ महीने बाद भी पकड़ में नहीं आए हैं।
-----------
बाइक चोर गैंग पकड़ी, दो गिरफ्तार
महामंदिर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चुराने वाली गैंग का पर्दाफाश कर मंगलवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनसे चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई। थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि वाहन चोरियां बढऩे के बाद संदिग्ध युवकों पर निगरानी रखना शुरू की गई। इस दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद बीजेएस निवासी सूर्यप्रतापसिंह (२१) पुत्र उम्मेदसिंह व फलोदी में शैतानसिंह नगर निवासी प्रतापसिंह (१९) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बीजेएस, लक्ष्मीनगर व पावटा अस्पताल से तीन मोटरसाइकिलें चुराना कुबूल किया, जिस पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई। एक अन्य बाइक बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
----------
पेपर लीक प्रकरण में पुलिस में शिकायत दर्ज
जिला समान अद्र्धवार्षिक परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण में आखिरकार शिक्षा विभाग ने सरदारपुरा थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवा दी है। शिकायत दर्ज होने के बाद ही डीईओ माध्यमिक शिक्षा प्रथम विनोदकुमार शर्मा पाली जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक कार्यालय के लिए रिलीव हुए। सरदारपुरा थाना पुलिस के अनुसार प्रकरण फिलहाल जांच में रखा गया है। इस परीक्षा के प्रश्न-पत्र राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में वितरित हुए थे। इस कारण से विभाग ने प्रश्न-पत्र वितरण केन्द्र के संबंधित थाने सरदारपुरा में शिकायत दर्ज की है। जबकि, शिक्षा विभाग ने शिकायत भी पेपर लीक प्रकरण के १५ दिन से अधिक समय होने के बाद की है। राजस्थान पत्रिका लंबे समय से प्रकरण की जांच व शिकायत पुलिस को पहुंचाने के लिए खबरें भी प्रकाशित कर रहा था। इस संबंध में उपनिदेशक माध्यमिक बंशीधर गुर्जर ने भी प्रकरण को पुलिस तक पहुंचाने की बात कही थी। जानकार बता रहे हैं कि इस पूरे प्रकरण में कई रहस्य छुपे हुए हैं, लेकिन शिक्षाधिकारी उजागर नहीं कर रहे। राज्य सरकार व शिक्षा विभाग के उच्च स्तर पर भी मामले में ढिलाई बरती जा रही है।
-----------
लज्जा भंग करने का मामला दर्ज
लूणी थाना क्षेत्र के खेजड़ली गांव में महिला के साथ मारपीट कर लज्जा भंग करने का मामला मंगलवार को थाने में दर्ज किया गया। लूणी पुलिस ने बताया कि लॉयंस नगर खेजड़ली निवासी महिला घर में कार्य कर रही थी, इस दौरान गांव के ही सुरेश हरिजन ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट करते हुए लज्जा भंग की। इसकी जांच प्रशिक्षु थानाधिकारी परविंदर कौर को सौंपी गई है।
-------
स्थाई वारंटी को जेल भेजा
लूणी थाना क्षेत्र के खेजड़ली कलां से पुलिस ने एक स्थाई वांरटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि खेजड़ली कलां निवासी ओमप्रकाश जाट शराब तस्करी के मामले में दो वर्ष से न्यायालय से फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए।