
जोधपुर . एक बार फिर से मानसून सिर पर है और शहर के नाले लोगों की जिंदगियां लीलने को बेताब नजर आ रहे हैं। ऐसा इसलिए है कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नगर निगम ने अब तक नालों का निर्माण और उनकी दशा सुधारने के लिए कदम नहीं बढ़ाया है। चौंकाने वाली बात यह है कि महानगर का दर्जा प्राप्त जोधपुर का ड्रेनेज प्लान ही फेल है। पांच बड़े नालों में से सिर्फ एक नाला ही जोजरी नदी तक पानी पहुंचा रहा है। बाकी नाले आधे अधूरे ही हैं। गौरतलब है कि पिछले मानसून में शहर के बरसाती नालों ने चार लोगों की जान ले ली थी, लेकिन इन नालों की हालात जस के तस हैं। निगम की लापरवाही की इंतेहा यह है कि यूनिवर्सिटी के नाले के लिए बजट तक मिल गया। इसके बावजूद मामला टेंडर प्रक्रिया तक ही अटका है। ऐसे में इस मानसून में भी इस नाले का निर्माण पूरा नहीं हो पाएगा और बारिश में शहर की लबालब सड़कें जनता की जान से खेलती नजर आएगी। नाले के निर्माण तो छोडि़ए, निगम को नालों की सफाई की भी याद नहीं आ रही। नाले बदहाल हैं। कहीं दीवारें टूटी हैं, तो कहीं नाले बीच-बीच में खुले हैं। ऐसे में फिर से हादसों की आशंका बनी हुई है। निगम का दावा है कि नालों की सफाई को लेकर कमर कस ली है, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा।
Read More : पुलिस की ‘तीसरी आंख’ से बची लूट, तीन गिरफ्तार
शहर के मुख्य बरसाती नाले
1. रातानाडा नाला।
2. भैरव नाला।
3. यूनिवर्सिटी नाला।
4. आरटीओ नाला।
5. माता का थान नाला।
अन्य नाले
1. बालसमंद नहर।
2. गुलाब सागर नहर।
3. उम्मेद सागर नहर।
4. फतेह सागर नहर।
5. फूल नहर।
(पुरानी नहरों को नालों में सम्मिलित किया गया हैं।)
नालों के हाल
- रातानाडा नाला जोजरी नदी में जाकर खुलता है।
- भैरव नाला कायलाना से शुरू होकर डर्बी पर आकर खत्म हो जाता है।
- यूनिवर्सिटी नाला पाबूपुरा पर तक ही बना है।
-आरटीओ नाला आर्मी क्षेत्र में जाकर रुक जाता है।
-माता का थान नाला डिगाड़ी तक खत्म हो जाता है।
कुल मिलाकर पांच में से मात्र एक नाला बरसाती पानी को जोजरी तक उड़ेलता है।
Read More : जोधपुर में है देश का अनूठा एजुकेशन-कॅरियर हाई-वे
3 माह में ली थी 4 जानें
पिछले वर्ष जुलाई से सितम्बर तब एक प्रोफेसर, सेवानिवृत्त सेना कर्मी और मां-बेटे सहित चार मौतें हुई थी। खतरनाक पुलिए के पास प्रोफेसर, रातानाडा नाले में सेवानिवृत्त सेना कर्मी व माता के थान खुले नाले में मां व बेटे के बहने से मौत हो गई थी।
7 माह में क्या किया?
निगम ने हादसे के बाद खुले नालों पर चेतावनी के बोर्ड लगाए।
कुछ नालों की दीवारों की मरम्मत की औपचारिकता निभाई।
अब आगे क्या?
- 2 माह बाद मानसून आने वाला है।
- निगम नाले का निर्माण कार्य इस माह भी शुरू करता है तो दो माह में पूरा नहीं होगा।
- शहरवासियों को बरसात के दिनों में फिर से वैसी ही स्थिति का सामना करना होगा।
यह है जरूरत
कुल 10 नाले हैं, जिनकी लम्बाई 63.9 किलोमीटर है। अब जरूरत कुल करीब 100 कि लोमीटर नाले की है। इसमें से प्रथम फेज में 30 किलोमीटर लम्बे नाले का निर्माण शहर की स्थिति सुधार सकता है।
लापरवाही
शहर का ढलान जोजरी नदी की ओर है। बरसात का पानी हो या ड्रेनेज, वह जोजरी नदी तक ही जाएगा। आर्मी व एयरफोर्स का क्षेत्र जोजरी नदी व शहर के बीच है। जब यहां बसावट हुई तब निर्माण के समय प्राकृतिक ढलान को खत्म कर दिया गया। दूरदृष्टि के अभाव में निगम ने भी ज्यादा ध्यान नहीं दिया। ऐसे में यह क्षेत्र नालों के आड़े आ गए और इसका खमियाजा शहर भुगत रहा है।
ई-टेंडर करवाएंगे
यूनिवर्सिटी के नाले के लिए टेंडर लगे, लेकिन सिंगल टेंडर होने से कार्यादेश नहीं दिया गया। फिर से ई-टेंडर लगाए जाएंगे। इस प्रक्रिया के बाद ही कार्य शुरू होगा। नाला बनने में लगभग तीन चार माह तो लगेंगे। शहर के नालों की सफाई का कार्य शुरू किए एक माह हो चुका है। कई जगह मरम्मत कार्य भी शुरू करवाया है।
घनश्याम ओझा, महापौर