
जोधपुर . योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियां, नेतृत्व और नीयत अच्छी है। देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश की प्रगति के लिए सवा सौ करोड़ लोगों को खुद ही पुरुषार्थ करना पड़ेगा। स्वदेशी अभियान की बैठक में शिरकत करने सोमवार को पहुंचे योगगुरु ने पत्रकारों से कहा कि सरकार तो नीतियां अच्छी बना सकती है, लेकिन सबको अपने क्षेत्र में पुरुषार्थ करना पड़ेगा।
दुनिया का सबसे विध्वंसक विचार
रोहिंग्या मुसलमानों पर योगगुरु ने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे बड़ा जो विध्वंसक विचार चल रहा है कि कि मैं और मेरा मजहब ही श्रेष्ठ है। कुछ तथाकथित मुसलमानों के रहनुमाओं ने एेसा प्रचार कर दिया कि जब तक पूरी दुनिया इस्लाम कबूल नहीं कर लेगी, तब तक दुनिया में जन्नत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि दुनिया में जन्नत तो कभी आएगी नहीं, लेकिन धरती नर्क जरूर बन जाएगी। बाबा वस्त्र पहनने से नहीं होता है, बल्कि चरित्र से होता है। जो चरित्रवान है, वही महान है।
देश का पैसा देश में ही रहे
बाबा रामदेव सोमवार दोपहर चौपासनी स्थित मरुगढ़ रिसोर्ट में पहुंचे। योगगुरु ने बताया कि पतंजलि का स्वदेशी से राष्ट्र सेवा का जो अभियान चल रहा है कि देश का पैसा विदेशी कंपनियां लूट कर नहीं ले जाए, बल्कि देश का पैसा देश में रहे। वह पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, गोसेवा, शोध तथा धर्म संस्कृति के कार्य में खर्च हो, इसके लिए पूरे देश में स्वदेशी अभियान कार्यक्रम चल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को जोधपुर संभाग के स्वदेशी अभियान सदस्यों की बैठक हुई।
इसमें बाड़मेर, जैसलमेर , पाली, जालोर, सिरोही, नागौर व जोधपुर के पंतजिल उत्पाद बेचने वाले वितरकों ने भाग लिया। इस अवसर पर बाबा के साथ फोटोज क्लिक करवाने वालों की भी भीड़ देखने को मिली। योग गुरु बाबा रामदेव राम कथा वाचक मुरलीधर महाराज के निवास पर पहुंचे और वहां पर भोजन किया। उनके साथ खाद्य निगम बोर्ड के चेयरमैन शंभू सिंह खेतासर, महापौर घनश्याम ओझा सहित उद्यमी व समाजसेवी मौजूद थे।