जोधपुर

साथी अभ्यर्थी को पास कराने तीन चिप लेकर दौड़ा था युवक

- कांस्टेबल भर्ती की दौड़ में दूसरे अभ्यर्थी को चिप देकर सफल होने का मामला- दोनों अभ्यर्थी गिरफ्तार
2 min read
Jan 07, 2024
साथी अभ्यर्थी को पास कराने तीन चिप लेकर दौड़ा था युवक
साथी अभ्यर्थी को पास कराने तीन चिप लेकर दौड़ा था युवक

जोधपुर।
मण्डोर थाना पुलिस ने बालसमन्द रोड पर सीमा सुरक्षा बल के एसटीसी मुख्यालय मैदान में कांस्टेबल भर्ती (constable recruitment) की शारीरिक दक्षता परीक्षा में गड़बड़ी कर दौड़ में पास होने के मामले में शनिवार को दोनों अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी पूर्व में दौड़ में फेल हो चुका था इसलिए उसने इस बार पास होने के लिए दूसरे अभ्यर्थी को अपनी एक चिप दे दी थी। (constable recruitment)
थानाधिकारी विक्रमसिंह चारण ने बताया कि प्रकरण में सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी थानान्तर्गत अमाला गांव निवासी गौरव उर्फ गोलू (21) पुत्र जगदीश मीणा और गंगापुर सिटी थानान्तर्गत हीरापुर निवासी बलराम (26) पुत्र रामचरण मीणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों अभ्यर्थी अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जांच अधिकारी एडीसीपी (पूर्व) नाजिम अली दोनों से पूछताछ कर रहे हैं।
दौड़ से पहले खुद की चिप दूसरे अभ्यर्थी को दी थी
पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में कांस्टेबल भर्ती के लिए योग्य अभ्यर्थियों के लिए 27 व 28 दिसम्बर सीसुब के एसटीसी मुख्यालय मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा ली गई थी। अभ्यर्थियों को पांच किमी दौड़ के लिए 12 चक्कर लगाने थे। दौड़ से पहले आयोजन कम्पनी की ओर से प्रत्येक अभ्यर्थी के दोनों पांव में एक-एक चिप बांधी गई थी। आरोपी गौरव मीणा पूर्व में भी कांस्टेबल भर्ती के लिए दौड़ में असफल रह चुका है। इसलिए इस बार उसने दौड़ में पास होने के लिए बलराम के साथ मिलकर साजिश रची थी। दौड़ शुरू होने से पहले गौरव ने अपनी एक चिप बलराम को दे दी थी। बलराम ने नियत समय में दौड़ के 12 चक्कर लगा लिए थे, लेकिन गौरव मीणा की एक चिप में 10 राउण्ड और दूसरी चिप में 12 राउण्ड आए थे। सीसीटीवी फुटेज और चिप की कम्प्यूटराइज रिपोर्ट में गड़बड़ी पकड़ में आ गई थी।
सेंसर से चिप में रिकॉर्ड होता है प्रत्येक राउण्ड
शारीरिक दक्षता परीक्षा का जिम्मा टाइमिंग टेक्नोलॉजी इण्डिया प्राइवेट लिमिटेड नामक कम्पनी को जिम्मा सौंपा गया था। कम्पनी ने दौड़ने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के दोनों पांव में एक-एक चिप बांधी थी। जिसमें सेंसर के मार्फत प्रत्येक राउण्ड समय के साथ रिकॉर्ड होता था। गौरव मीणा की दोनों चिप में दो राउण्ड का अंतर आया था। समय व राउण्ड बलराम से मिलान हो गया था। जिससे दोनों संदेह में आ गए थे।

Published on:
07 Jan 2024 12:32 am